ओमान की खाड़ी में अमेरिकी कार्रवाई, ईरान ने सैन्य मौजूदगी को बताया खतरा
फ्लोरिडा: अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने गुरुवार (स्थानीय समय) को कहा कि अमेरिकी मरीन ने ईरान के खिलाफ जारी अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी के तहत ओमान की खाड़ी में सत्यापन के लिए जहाज पर चढ़कर तलाशी ली और तीन अन्य वाणिज्यिक जहाजों को भी उनके मार्ग से हटा दिया। सेंटकॉम ने एक पोस्ट में कहा, 11वीं मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट के अमेरिकी मरीन ने 16 जुलाई को ओमान की खाड़ी में एम/टी वेन याओ जहाज पर सत्यापन हेतु जहाज पर चढ़कर तलाशी ली।
अमेरिकी सेना ने तीन जहाजों का बदला रास्ता
कमांड ने कहा कि उसने 3 वाणिज्यिक जहाजों का रास्ता बदल दिया। एक जहाज को निष्क्रिय कर दिया जो नियमों का पालन नहीं कर रहा थाऔर एक जहाज पर चढ़कर यह सुनिश्चित किया कि नियमों का पूरी तरह से पालन हो रहा है। कमांड ने कहा, आज तक अमेरिकी सेना ने नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे 3 वाणिज्यिक जहाजों का मार्ग बदल दिया है। सेंटकॉम ने आगे कहा कि, होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास का जलक्षेत्र उन जहाजों को छोड़कर, जो अमेरिका की सख्त नाकाबंदी का उल्लंघन करने का प्रयास कर रहे हैं, पूरी तरह से मुक्त और खुला है।
वैश्विक तेल शिपमेंट के लिए अहम है होर्मुज मार्ग
ओमान की खाड़ी होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिण-पूर्व में स्थित है, जो एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री गलियारा है, जिससे होकर वैश्विक तेल शिपमेंट का एक बड़ा हिस्सा गुजरता है। इससे पहले गुरुवार (स्थानीय समय) को व्हाइट हाउस ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य उन वाणिज्यिक जहाजों के लिए खुला है जो तेहरान पर अमेरिकी नाकाबंदी के तहत ईरानी बंदरगाहों से आ-जा नहीं रहे हैं, और यह भी कहा कि अमेरिकी नौसेना इस रणनीतिक जलमार्ग से समुद्री यातायात के निरंतर प्रवाह को सुनिश्चित करने के लिए तैनात है।
व्हाइट हाउस ने नाकाबंदी को बताया प्रभावी
अमेरिकी सैन्य अभियानों में तेजी के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों के आवागमन में आई गिरावट के बारे में एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने एक नाकाबंदी लागू की है जो केवल ईरानी बंदरगाहों में प्रवेश करने या वहां से निकलने वाले जहाजों पर लागू होती है। लीविट ने कहा, हम जानते हैं कि राष्ट्रपति के निर्देशानुसार, केवल ईरानी बंदरगाहों में प्रवेश करने और वहां से निकलने वाले जहाजों पर नाकाबंदी की गई है। इसे पूरी तरह से लागू कर दिया गया है। यह पूरी तरह प्रभावी है। ईरान द्वारा संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ हुए समझौते का पालन न करने के कारण यह नाकाबंदी फिर से लागू की गई है।
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ा सैन्य तनाव
उन्होंने कहा कि इस नाकाबंदी को क्षेत्र में बड़ी संख्या में अमेरिकी सैन्य तैनाती द्वारा लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा, इस समय 10,000 से अधिक अमेरिकी नौसैनिक, मरीन और वायुसैनिक, दो विमानवाहक पोत, 20 से अधिक युद्धपोत और दर्जनों विमान नाकाबंदी अभियान को अंजाम दे रहे हैं। ईरान की ओर से गुरुवार (स्थानीय समय) को ईरान के सशस्त्र बलों के एक वरिष्ठ प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि अगर ईरान के बुनियादी ढांचे पर हमला होता है, तो तेहरान पश्चिम एशिया में अमेरिकी बुनियादी ढांचे को निशाना बना सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में असुरक्षा का मुख्य कारण अमेरिकी सेना की उपस्थिति है।
ईरानी सेना के प्रवक्ता का अमेरिका पर बड़ा बयान
ईरान के सरकारी मीडिया आउटलेट इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) द्वारा प्रसारित बयानों के अनुसार, ईरान के सशस्त्र बलों के वरिष्ठ प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अबोलफजल शेखरची ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़राइल को इस क्षेत्र में मौजूद रहने का कोई अधिकार नहीं है। IRIB द्वारा प्रसारित एक टेलीविजन साक्षात्कार में शेखरची ने कहा, अमेरिका और नकली ज़ायोनी सरकार को इस क्षेत्र में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का बड़ा दावा
उन्होंने दावा किया कि ईरान के नियंत्रण में होर्मुज जलडमरूमध्य सुरक्षित है। इस रणनीतिक जलमार्ग में बढ़ते तनाव के लिए अमेरिकी सैन्य उपस्थिति को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य पर इस्लामी गणराज्य की संप्रभुता पूरे क्षेत्र के लिए सुरक्षा का कारक है, न कि असुरक्षा का। इसके साथ ही कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य के असुरक्षित होने का कारण अमेरिकियों की उपस्थिति है।
(एएनआई)
ये भी पढ़ें- PM मोदी ने हरियाणा से भारत की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, रेल परिवहन में रचा नया इतिहास