तबरीज़ में पेट्रोकेमिकल संयंत्र पर अमेरिका-इजराइल का हवाई हमला
तबरीज। ईरान के उत्तरी पश्चिमी क्षेत्र में स्थित तबरीज में सोमवार को तड़के अमेरिका-इजराइल के नेतृत्व में एक पेट्रोकेमिकल संयंत्र पर हवाई हमला किया गया। ईरानी मीडिया के अनुसार इस संयंत्र पर हवाई हमले से किसी तरह के खतरनाक पदार्थ के रिसाव की सूचना नहीं है। यह कंपनी कच्चे तेल या प्राकृतिक गैस को संशोधित कर उनसे रासायनिक उत्पाद तैयार करती है जिनका इस्तेमाल प्लास्टिक और अन्य रसायन बनाने में होता है। इससे पहले ईरान ने भी अमेरिका के मित्र देशों के कई संयंत्रों को निशाने पर लिया।
हमले के बाद संयंत्र में स्थिति नियंत्रण में
सरकारी मीडिय प्रेस टीवी ने ईरानी अधिकारियों के हवाले से बताया कि हमले के बाद संयंत्र में स्थिति नियंत्रण में है। यह घटनाक्रम ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) द्वारा शनिवार को जारी एक बयान के बाद सामने आया है, जिसमें उसने संयुक्त अरब अमीरात और बहरीन में स्थित एल्युमीनियम संयंत्रों सहित क्षेत्र की प्रमुख औद्योगिक सुविधाओं को निशाना बनाने की जिम्मेदारी ली थी। यह जानकारी ईरानी सरकारी मीडिया, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (आईआरआईबी) ने दी थी।
मिसाइल और ड्रोन से आर्थिक ठिकानों पर प्रहार
अपने बयान में आईआरजीसी ने कहा कि उसके एयरोस्पेस और नौसेना बलों ने मिसाइलों और ड्रोनों का उपयोग करते हुए एक संयुक्त और लक्षित अभियान चलाया, जिसमें उसने उन उद्योगों को निशाना बनाया जो अमेरिकी सैन्य और एयरोस्पेस क्षेत्र से जुड़े हैं। जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया उनमें संयुक्त अरब अमीरात में स्थित अमीरात ग्लोबल एल्युमिनियम सुविधा और बहरीन में स्थित एल्युमिनियम बहरीन शामिल थे।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/us-can-annex-kharg-island-if-it-wants-trump/153016