होर्मुज जलडमरूमध्य में साइप्रस ध्वज वाले मालवाहक ज

होर्मुज में जहाज पर हमले के बाद अमेरिका ने ईरान पर तीसरे दौर के हमले शुरू किए

US Launches Third Round of Strikes on Iran After Hormuz Ship Attack

वॉशिंगटन डीसी,(अमेरिका)। अमेरिका ने शनिवार को ईरान के खिलाफ हमलों का तीसरा दौर शुरू किया। अमेरिका का आरोप है, कि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने होर्मुज जलडमरूमध्य में साइप्रस के झंडे वाले मालवाहक जहाज एम/वी जीएफएस गैलेक्सी पर हमला किया।

हमलों का तीसरा दौर शुरू

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, चालक दल का एक सदस्य लापता है और जहाज में आग लगने और इंजन रूम को भारी नुकसान पहुंचने के कारण वह अपनी यात्रा जारी रखने में असमर्थ है। CENTCOMने कहा,"आज शाम 7:15 बजे अमेरिकी सेंट्रल कमांड बलों ने ईरान के खिलाफ इस सप्ताह हमलों का तीसरा दौर शुरू किया। यह हमला IRGC बलों द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे साइप्रस के झंडे वाले मालवाहक जहाज एम/वी जीएफएस गैलेक्सी पर किए गए हमले के बाद किया गया।"

ईरान ने लिया गलत फैसला

सेंटकॉम ने आगे कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर पहले हुए हमलों के लिए जवाबदेह ठहराए जाने के बाद ईरान को समझौता ज्ञापन का पालन करने का मौका दिया गया था, लेकिन वह फिर से विफल रहा। अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने लिखा, “ईरान ने गलत फैसला लिया। अब उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।”

होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद हुआ हमला

प्रेस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, ये हमले IRGC द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को अगले आदेश तक बंद करने की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद हुए। IRGC के एक बयान के अनुसार, यह निर्णय विदेशी शक्तियों के गैरकानूनी हस्तक्षेप से उत्पन्न सुरक्षा स्थिति को देखते हुए लिया गया था।

 मस्कट में सैयद बदर अलबुसैदी के साथ मुलाकात

क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच पर्दे के पीछे कूटनीतिक प्रयास भी तेज़ हो गए हैं। तनाव कम करने और अमेरिका-ईरान वार्ता को दोबारा शुरू करने के लिए अनुकूल माहौल बनाने के उद्देश्य से कतर के प्रतिनिधि ईरान पहुंचे हैं। इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने शनिवार को मस्कट में अपने ओमानी समकक्ष सैयद बदर अलबुसैदी के साथ मुलाकात की। अराघची ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर जानकारी दी कि दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर विस्तृत चर्चा हुई।

सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की व्यवस्था पर विचार-विमर्श

ईरान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने विशेष रूप से इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन के अनुच्छेद 5 के तहत जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की व्यवस्था पर विचार-विमर्श किया। साथ ही, ओमान ने क्षेत्रीय तनाव कम करने और शांतिपूर्ण समाधान के लिए कूटनीतिक प्रयासों के प्रति अपना समर्थन दोहराया। (एएनआई)

यह भी पढ़ेंः वियतनाम: फु क्वोक द्वीप के पास नाव दुर्घटना में 15 भारतीयों की मौत