इक्वाडोर के पास अमेरिकी सेना ने एक और पोत डुबोया, मादक पदार्थों की तस्करी का लगाया आरोप
क्विटो (इक्वाडोर)। अमेरिकी सेना ने सोमवार को इक्वाडोर के एक अन्य पोत पर हमला कर उसे डुबो दिया। अमेरिका का यह आरोप है कि यह पोत आपराधिक गिरोह 'लॉस चोनेरोस' से जुड़ा हुआ था। यह लैटिन अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी में कथित तौर पर शामिल नौकाओं और पोतों के खिलाफ अमेरिका की हालिया कार्रवाई है।
ईंधन पोत को समुद्र में रोका गया
'सदर्न कमांड' ने एक बयान में कहा कि संयुक्त कार्यबल ने पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में समुद्र के रास्ते मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के अभियानों में मदद करने वाले एक पोत को रोका। यह एक ईंधन भरने वाला पोत था। बयान में कहा गया कि पोत पर सवार लोगों को इक्वाडोर के अधिकारियों के हवाले कर दिया जाएगा।
तस्करी नेटवर्क पर जारी है अमेरिकी अभियान
इस जानकारी के साथ कार्रवाई का वीडियो भी जारी किया गया जिसमें सैन्यकर्मी एक पोत पर चढ़ते हुए दिख रहे हैं। इसके बाद एक हेलीकॉप्टर उसके ऊपर से उड़ते हुए नजर आया और अंत में एक प्रक्षेपास्त्र के पोत से टकराने से वह डूबता हुआ दिखा। बयान के मुताबिक, अमेरिकी बल पश्चिमी क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी को बढ़ावा देने वाले नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार "सटीक और पेशेवर अभियान" चला रहे हैं। इक्वाडोर के अधिकारियों ने इस मामले में तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है। (इनपुट: PTI)
यह भी पढ़ें: अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में भारतीय-अमेरिकियों का झुकाव डेमोक्रेट्स की ओर: सर्वे