अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने समय बदलने क

ट्रंप ने फिर उठाई स्थायी डे-लाइट सेविंग टाइम की मांग, सीनेट से की सनशाइन प्रोटेक्शन एक्ट पारित करने की अपील

US President Donald Trump

वाशिंगटन (अमेरिका)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर अपनी बात रखते हुए शाम को जल्दी अंधेरा होने पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि शाम को 5 बजकर 6 मिनट पर सूरज ढल गया और महज 25 मिनट यानी 5 बजकर 31 मिनट तक बाहर पूरी तरह अंधेरा छा गया। मौसम में आए इस बदलाव का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा कि बाहर इतनी जल्दी और इतना घना अंधेरा हो गया है।

साल में दो बार घड़ियों बदलने से राहत

इस प्रस्तावित कानून का मुख्य उद्देश्य पूरे अमेरिका में 'डेलाइट सेविंग टाइम' को हमेशा के लिए लागू करना है। इससे साल में दो बार घड़ियों की सुई को आगे और पीछे करने की इस पुरानी और थकाऊ प्रक्रिया को हमेशा के लिए बंद किया जा सकेगा। समय बदलने की इस व्यवस्था से जनता में लगातार नाराजगी देखने को मिलती है। ट्रंप ने कहा कि कुछ दिन पहले ही इसी समय काफी अच्छी धूप खिली रहती थी, लेकिन अब लोग अपनी घड़ियों को ठीक करने और बदलने में परेशान हो रहे हैं।

सीनेट पर टिकी निगाहें और समर्थन

राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि 'हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स' यानी अमेरिकी संसद के निचले सदन ने दोनों पार्टियों के मजबूत समर्थन के साथ इस बिल को कई बार पास किया है। निचले सदन में इस बिल के पक्ष में 308 और विरोध में 117 वोट पड़े थे, जो इसके भारी बहुमत को दिखाता है। हालांकि, इसके बावजूद सीनेट यानी उच्च सदन ने इस पर अभी तक कोई विचार नहीं किया है। निचले सदन ने जुलाई में ही इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाकर सीनेट के पास भेजा था, जहां यह कानूनी अड़चनों में उलझा हुआ है।

चुनावों को लेकर रणनीति और भविष्य की जंग

एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि हाल ही में हुए चुनावों से पहले उन्होंने जानबूझकर इस मुद्दे को अपने चुनावी अभियान का बहुत बड़ा हिस्सा नहीं बनाया था। उनका मकसद उन सांसदों और नेताओं को चुनावी नुकसान से बचाना था जो इस विवादित मुद्दे की चपेट में आ सकते थे। अपनी प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि देश के सामने इससे भी बड़ी कई प्राथमिकताएं हैं, लेकिन वे जनता के इस हक के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। (इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: ट्रंप के समर्थन में फिर उतरीं निक्की मिनाज, एलन मस्क और Grok की भी की तारीफ