वियतनाम: फु क्वोक द्वीप के पास नाव दुर्घटना में 15 भारतीयों की मौत
फू क्वोक ( वियतनाम ) । शनिवार को वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास 36 लोगों को ले जा रही एक स्पीडबोट के पलट जाने से भारतीय पर्यटकों सहित कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। वीएन एक्सप्रेस अखबार ने फू क्वोक विशेष आर्थिक क्षेत्र के अधिकारियों के हवाले से बताया कि ओशन पीयर आइलैंड कंपनी द्वारा संचालित यह स्पीडबोट दोपहर में क्वोक हवाई अड्डे से लगभग अन थोई बंदरगाह तक पर्यटकों को ले जा रही थी। अचानक बोट पलट गई और इसमें सवार सभी लोग समुद्र में गिर गए। इस दुर्घटना को देखते ही आसपास की पर्यटक नौकाएं तत्काल वहां पहुंच गईं और लोगों को बचाने की हर संभव कोशिश शुरू कर दी।
21 लोगों को बचाया गया
बचाव अभियान में शामिल एक नाव के मालिक ने बताया कि उनकी नाव लगभग पांच मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई, लेकिन बचाव कार्य में बाधा आई क्योंकि कई यात्री पलटी हुई स्पीडबोट के अंदर फंसे हुए थे। हालांकि बचाव दल सभी 36 यात्रियों को सुरक्षित किनारे पर ले आया था। इनमें से 21 लोग जीवित बच गए, जबकि दो महिलाओं और 13 पुरुषों सहित 15 अन्य लोगों की मौत हो गई है। वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि नाव पर कुल 32 भारतीय पर्यटक सवार थे। इस पर भारतीयों के अलावा तीन क्रू मेंबर और एक फ्लाइट अटेंडेंट भी था। दूतावास ने घटना की पुष्टि की और यह भी घोषणा की कि प्रभावित परिवारों को जानकारी और सहायता प्रदान करने के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्प लाइन नंबर
एक दुखद घटना में, कुछ घंटे पहले वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई। स्थानीय अधिकारियों द्वारा खोज और बचाव अभियान जारी है और घटना के सटीक विवरण जुटाए जा रहे हैं।" इसमें आगे कहा गया है कि नियंत्रण कक्ष से +84 36 281 7930, +84 91 552 3714 और +84 33 452 0414 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, हनोई में एक और नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां सहायता और पूछताछ के लिए +84 91 308 9165 पर संपर्क किया जा सकता है। (एएनआई)