यमन की जेल पर हमले का हूतियों ने सऊदी अरब पर लगाया आरोप, 7 की मौत
काहिरा: यमन के हूती विद्रोहियों ने सोमवार को आरोप लगाया कि सऊदी अरब ने देश के उत्तरी हिस्से में एक जेल पर हमला किया जिसमें एक बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब समर्थित यमन के बलों के बीच बढ़ते तनाव के बीच यह घटना हुई है।
जेल पर हमले में सात लोगों की मौत
हूती विद्रोहियों द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अनीस अल-असबाही ने कहा कि जौफ प्रांत के सामरिक रूप से महत्वपूर्ण हज्म शहर में स्थित ‘सेंट्रल करेक्टिव फैसिलिटी’ (केंद्रीय सुधार गृह) पर हुए हमले में एक बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई और एक महिला समेत कम से कम सात लोग घायल भी हुए हैं। जेल के वार्डन ने हूती विद्रोहियों के ‘अल-मसीरा’ समाचार चैनल को बताया कि 35 कैदी और अपने पति से मिलने आई एक महिला मलबे में फंस गए।
2014 से गृहयुद्ध की चपेट में है यमन
यमन 2014 में उस समय गृहयुद्ध की चपेट में आ गया था, जब हूती विद्रोहियों ने उत्तर में अपने गढ़ से आगे बढ़ते हुए राजधानी सना पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार को पहले देश के दक्षिणी हिस्से और फिर निर्वासन में सऊदी अरब जाना पड़ा। इसके अलग साल सरकार को फिर से सत्ता में लाने के प्रयास में सऊदी अरब के नेतृत्व वाला गठबंधन यमन युद्ध में शामिल हो गया था।
हूतियों ने सऊदी पर ‘नरसंहार’ का लगाया आरोप
हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने सऊदी अरब पर जौफ में हवाई हमले करने और ‘‘नरसंहार करने’’ का आरोप लगाया। सरी ने सऊदी अरब पर एक टोही ड्रोन तैनात करने और भाड़े के लड़ाकों को विभिन्न प्रकार के हथियार मुहैया कराने का भी आरोप लगाया। सैन्य प्रवक्ता ने कहा, ‘‘यमन के खिलाफ सऊदी अरब की जारी आक्रामकता का जवाब दिया जाएगा और उसे इसकी सजा भी मिलेगी।’’
24 घंटे में चार ड्रोन मार गिराने का दावा
सरी ने सोमवार को बाद में कहा कि हूती बलों ने पिछले 24 घंटे में सऊदी अरब के कुल चार टोही ड्रोन मार गिराए। इन हमलों के बारे में सऊदी अरब की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई।
यह भी पढ़: नोएडा श्रमिक प्रदर्शन केस में DU छात्रा को बड़ी राहत, इलाहाबाद HC ने NSA हिरासत रद्द की