MP News : इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने बॉलीवुड फिल्म ‘बंटी और बबली’ की याद दिला दी।
MP News : इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने बॉलीवुड फिल्म ‘बंटी और बबली’ की याद दिला दी। यहां एक 18 वर्षीय ग्राफिक डिज़ाइनर और उसकी गर्लफ्रेंड ने मिलकर एक ज्वेलरी शॉप से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने चुरा लिए। पुलिस ने दोनों को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने वारदात से पहले फिल्म बंटी और बबली देखी थी और उसी से प्रेरित होकर चोरी की योजना बनाई।
22 दिसंबर की रात की घटना
यह घटना 22 दिसंबर की रात इंदौर के राऊ क्षेत्र में हुई थी। वारदात के बाद दोनों कई दिनों तक फरार रहे। पुलिस ने अब उन्हें भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है।आरोपियों के पास से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।इंदौर के डीसीपी श्रीकृष्ण लालचंदानी के अनुसार, दोनों आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं और एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं।
पूछताछ में आरोपी का खुलासा
पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि वह एक आईटी कंपनी में पार्ट-टाइम ग्राफिक डिज़ाइनर के रूप में काम करता था। लेकिन कंपनी ने AI तकनीक अपनाने के बाद उसकी जगह मशीनों को प्राथमिकता दी, जिससे उसकी नौकरी चली गई।घर की आर्थिक स्थिति बिगड़ने के कारण वह और उसकी गर्लफ्रेंड तनाव में आ गए। इसके बाद दोनों ने वर्ष 2005 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बंटी और बबली’ (अभिषेक बच्चन और रानी मुखर्जी अभिनीत) देखकर चोरी की योजना बनाई।आरोपियों ने ज्वेलरी शॉप से करीब ₹16.17 लाख के सोने-चांदी के गहने चुरा लिए।
गहने बेचने की कोशिश नाकाम
डीसीपी के अनुसार, आरोपियों ने चोरी के गहने बेचने की कोशिश की, लेकि न कम उम्र होने के कारण खरीदारों को शक हुआ और उन्हें उचित कीमत नहीं मिली। इसके बाद दोनों ने क्रिसमस की छुट्टियों के बाद गहने बेचने की योजना बनाई थी।
CCTV से पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों को ट्रेस किया। आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। यह मामला न केवल एक सनसनीखेज अपराध है, बल्कि AI के कारण युवाओं की नौकरियां छिनने से उत्पन्न सामाजिक और आर्थिक दबाव को भी उजागर करता है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/amit-shah-spoke-at-ima-natcon2025/102775