राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में गुरुवार, सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। मुरैना से उज्जैन...
राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में गुरुवार, सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। मुरैना से उज्जैन जा रही बारातियों से भरी एक निजी धर्मेंद्र ट्रेवल्स की बस ब्यावरा के पास काचरी जोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सुबह करीब 6:00 बजे हुआ। इस दर्दनाक हादसे में दूल्हे की दादी सहित 3 लोगों की मौत हो गई है।
बस में थे 45 लोग सवार, 27 घायल
बस में सवार करीब 45 लोगों में से 27 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 8 की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक नियंत्रण खोने के कारण सड़क पर करीब 12 मीटर तक घिसटते हुए पलट गई। बस के परखच्चे उड़ गए और शव क्षत-विक्षत स्थिति में मिले।
शादी समारोह में जा रहे थे
बस मुरैना के तोमर परिवार के सदस्यों को लेकर उज्जैन एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत ब्यावरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया।
घटना का संभावित कारण
प्राथमिक अनुमान के अनुसार, ड्राइवर को नींद की झपकी आने की वजह से यह हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना से शादी वाले घर में मातम छा गया है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/piyush-goyal-on-india-us-trade-deal-best-deal-compared-to-neighbouring/131831