उज्जैन। शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज मैदान पर आयोजित 'उज्जयिनी विक्रम व्यापार मेला 2026' को...
उज्जैन में विक्रमोत्सव व्यापार मेला अब 29 मार्च तक, 50 फीसदी टैक्स छूट का लाभ
|
उज्जैन। शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज मैदान पर आयोजित 'उज्जयिनी विक्रम व्यापार मेला 2026' को अब 29 मार्च तक के लिए बढ़ा दिया गया है। पहले यह मेला 19 मार्च को समाप्त होने वाला था, लेकिन भारी भीड़ और वाहन खरीदारों के उत्साह को देखते हुए सरकार ने इसे विस्तार देने का निर्णय लिया है।
गाड़ियों पर भारी बचत
इस मेले का सबसे बड़ा आकर्षण ऑटोमोबाइल सेक्टर में मिलने वाली 50 प्रतिशत रोड टैक्स की छूट है। यह छूट गैर-परिवहन (Non-transport) वाहनों जैसे कार, बाइक और हल्के वाणिज्यिक वाहनों की खरीदी पर मिल रही है। वाहन की स्थायी रजिस्ट्री उज्जैन आरटीओ (RTO) में होना अनिवार्य है।
खरीददारों को काफी लाभ
₹10 लाख की कार खरीदने पर ग्राहकों को लगभग ₹40,000 से ₹50,000 तक की सीधी बचत हो रही है, वहीं लग्जरी कारों पर यह बचत लाखों में है। मेले के शुरुआती कुछ दिनों में ही हजारों वाहनों की बिक्री हो चुकी है। डीलरों के अनुसार, इस साल पिछले सालों के मुकाबले ज्यादा गाड़ियां बिकने की उम्मीद है।
पिछले साल से अधिक राजस्व होने की संभावना
2025 में इस मेले ने लगभग ₹186 करोड़ का राजस्व उत्पन्न किया था, और 2026 में इस आंकड़े के पार जाने की संभावना है। व्यापार के साथ-साथ यहाँ 'शिवोह्म' जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रदर्शनियां भी आयोजित की जा रही हैं, जो पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं।
मुख्यमंत्री का विजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेले के शुभारंभ पर कहा था कि सम्राट विक्रमादित्य की नगरी अब व्यापार और संस्कृति का नया केंद्र बन रही है। ग्वालियर व्यापार मेले की तर्ज पर उज्जैन का यह मेला अब मालवा अंचल के आर्थिक विकास का इंजन बन चुका है। तकनीकी समस्याओं (पोर्टल वेरिफिकेशन) को लेकर आरटीओ ने स्पष्ट किया है कि सभी ग्राहकों को नियमानुसार छूट का लाभ दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/world/trump-says-israel-will-not-use-nuclear-bomb-on-iran/149745