राजस्थान: जेल रोड फाटक के पास मिला अज्ञात महिला का शव, पहचान में जुटी पुलिस
धौलपुर: शहर के जेल रोड फाटक के पास रेलवे ट्रैक के निकट एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जीआरपी पुलिसकर्मी महेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि जेल रोड फाटक के पास मोड़ के निकट रेलवे ट्रैक के पास एक महिला का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 60 वर्ष है। महिला ने गुलाबी रंग का ब्लाउज तथा हरे रंग की साड़ी पहन रखी थी। पहचान नहीं होने के कारण शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। जीआरपी पुलिस आसपास के गांवों एवं क्षेत्रों में महिला की पहचान के प्रयास कर रही है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल जीआरपी पुलिस को सूचित करें।