पूर्व मिस पुणे और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में कोर्ट ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की याचिका को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
भोपाल (मध्य प्रदेश)। पूर्व मिस पुणे और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में कोर्ट ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की याचिका को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। साथ ही कहा कि शव को 80 डिग्री तापमान पर रखा जाए ताकि उसे डिकंपोज होने से बचाया जा सके। लेकिन इतनी तापमान वाली सुविधा प्रदेश के किसी भी मेडिकल कॉलेज या सरकारी अस्पताल में उपलब्ध नहीं है।
शव को सुरक्षित रखने के निर्देश
कोर्ट ने पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि मृतका के शव को एक ऐसी मॉर्च्युरी (शवगृह) में सुरक्षित रखा जाए, जहां उसे डीकंपोज (खराब) होने से बचाया जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश (MP) सरकार इस पूरे केस की निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को पत्र लिखने की तैयारी में है।
रिटायर्ड जज की बेल रिजेक्शन की अपील
इस मामले में आरोपी पक्ष से जुड़ीं रिटायर्ड जज की जमानत (Bail) को रद्द या खारिज कराने के लिए भी सरकार की तरफ से आवेदन (Application) दाखिल किया जाएगा। मालूम हो कि पूर्व मिस पुणे, मॉडल और एक्ट्रेस द्विशा शर्मा की शादी के महज 5 महीने बाद भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनके परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद से यह कानूनी लड़ाई लगातार तेज होती जा रही है।
एक्ट्रेस ट्विशा के शरीर पर कई चोटों के निशान
इधर, भोपाल की चर्चित एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा डेथ केस में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में पुलिस की कई बड़ी चूकें सामने आई हैं, जिसके चलते मुख्य आरोपी समर्थ सिंह घटना के 9 दिन बाद भी फरार है। मृतका के शरीर पर चोटों के कई निशान होने के बावजूद पुलिस अधिकारियों द्वारा शुरुआत में इसे सीधे आत्महत्या का मामला बताने पर परिवार ने गहरी नाराजगी और पुलिस की लापरवाही जताई है।
यह भी पढ़ें: भड़काऊ भाषण मामले में अभिषेक बनर्जी को हाई कोर्ट से सीमित राहत