अयोध्या। अयोध्या के राजघाट पर आयोजित नौ दिवसीय लक्ष्मी नारायण महायज्ञ मंडप में लगी भीषण आग से 1251 यज्ञकुंडों...
अयोध्या। अयोध्या के राजघाट पर आयोजित नौ दिवसीय लक्ष्मी नारायण महायज्ञ मंडप में लगी भीषण आग से 1251 यज्ञकुंडों वाला पंडाल जलकर राख हो गया। राम मंदिर से महज 800 मीटर दूरी पर स्थित मंडप में हुए अग्निकांड से अफरातफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।
अज्ञात कारणों से लगी आग इतनी तेजी से फैली कि लगभग एक एकड़ में फैला पंडाल देखते ही देखते जलकर खाक हो गया। सूचना पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है। मंडलीय कमिश्नर, डीआईजी सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बचाव के निर्देश दिए। प्रदेश के परिवहन दया शंकर सिंह की पहल पर राजघाट पर भव्य लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आयोजन 28 मार्च से चल रहा था।
प्रदेश के परिवहन दया शंकर सिंह द्वारा अयोध्या के राजघाट पर 7 दिन से चल रहे लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में आज यज्ञ की अंतिम आहुति शाम 6:00 बजे होनी थी, लेकिन उससे पहले ही यज्ञशाला राख हो गई है। बताया जा रहा है कि पंडाल के यज्ञशाला में तमाम गणमान्य नागरिकों समेत करीब हजार से 1200 लोग मौजूद थे। इतने वीआईपी कार्यक्रम के बावजूद पंडाल में फायर ब्रिगेड की गाड़ी एक भी गाड़ी मौजूद नहीं थी। आग लगने से यज्ञशाला में मौजूद कई लोग भाग नहीं पाए और गंभीर रूप से झलस गये हैं।
रामघाट पर नौ दिवसीय लक्ष्मी नारायण महायज्ञ बक्सर के संत जीयर स्वामी जी महाराज के सानिध्य में हो रहा था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। जिस वक्त यह हादसा हुआ, प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह भी यज्ञ स्थल पर ही मौजूद थे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और राहत कार्य में जुट गए। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर से ही आसमान में काला धुआं देखा जा सकता था।
राजघाट जैसे संवेदनशील और वीवीआईपी क्षेत्र में हुए इस हादसे ने सुरक्षा और फायर सेफ्टी के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/ngt-cracks-down-on-illegal-groundwater-extraction-in-up/152442