मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव खत्म कर तुरंत सीजफायर और बड़े समझौते की संभावना से भारतीय शेयर बाजार में...
मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव खत्म कर तुरंत सीजफायर और बड़े समझौते की संभावना से भारतीय शेयर बाजार में आज जबरदस्त तेजी देखने को मिली। पाकिस्तान की पहल पर होने वाली प्रस्तावित बातचीत की उम्मीद से भारी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद भारतीय शेयर मार्केट लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए।
शेयर मार्केट में सुबह शुरूआती कारोबार में बाजार में कमजोरी नजर आयी और निवेशक घबराए हुए दिखे। सेंसेक्स एक समय 600 अंकों तक लुढ़क गया था। लेकिन दोपहर बाद खाड़ी युद्ध खत्म होने की उम्मीद से बाजार ने अचानक यू-टर्न लिया। बाजार में अचानक तेजी लौटी और सेंसेक्स निचले स्तर से करीब 1400 अंकों तक उछल गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी ने भारतीय बाजार के लिए बूस्टर का काम किया है जिससे महंगाई कम होने की उम्मीद जगी है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में उछाल से भी निवेशकों का सेंटीमेंट मजबूत हुआ। हफ्ते के पहले दिन कारोबार के अंत में, सेंसेक्स 787 अंक या 1.07 फीसदी चढ़कर 74,106 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 255 या 1.12 फीसदी की तेजी के साथ 22,968.25 के स्तर पर बंद हुआ।
वैश्विक स्तर पर सकारात्मक खबरों और RBI के सख्त नियमों के बाद भारतीय रुपया भी आज मजबूत हुआ और डॉलर के मुकाबले 33 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंच गया, जिससे रुपये को सपोर्ट मिला। रुपया मामूली मजबूती के साथ अंत में 93.06/$ पर बंद हुआ, जो पहले 93.10/$ पर पहुंच गया था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.71 प्रतिशत टूटकर 108.3 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
तेल और गैस को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी आज हरे निशान में बंद हुए। सबसे अधिक तेजी बैकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी 1 फीसदी से अधिक की उछाल के साथ बंद हुए।
सोमवार की तेजी से निवेशकों की संपत्ति में करीब 5.04 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 427.41 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 422.37 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 5.04 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर सोमवार को कुल 4,544 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इस दौरान बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर इसमें से 3,202 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,153 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 189 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 78 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 89 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
शेयर बाजार में तेजी का आलम ये था कि बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें ट्रेंट के शेयरों में 7.89 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद एक्सिस बैंक), टाइटन, लार्सन एंड टुब्रो और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर 3.06 फीसदी से लेकर 3.94 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
स्टाक मार्केट में तेजी के बावजूद सेंसेक्स के 3 शेयर गिरकर बंद हुए। इसमें भी रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 3.41 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, एचसीएल टेक और सन फार्मा के शेयरों में 0.03 फीसदी से लेकर 0.20 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/world/hormuz-situation-now-permanent-says-iran-navy/154886