इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर एक बड़ी ठगी को...
इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर एक बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। शेयर मार्केट में निवेश के जरिए भारी मुनाफे का झांसा देकर एक व्यक्ति से 36 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है।
शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर की जालसाजी
ठगों ने पीड़ित को विश्वास दिलाया कि यदि वह शेयर बाजार में पैसा निवेश करता है, तो उसे हर महीने 4 लाख रुपये का निश्चित लाभ मिलेगा। अधिक कमाई के लालच में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में कुल 36 लाख रुपये जमा कर दिए। जब वादा किया गया मुनाफा नहीं मिला और निवेश की गई राशि भी वापस नहीं आई, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
संयोगितागंज थाना में मामला दर्ज
पुलिस ने इस ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला संयोगितागंज थाना में दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। कनाड़िया थाना क्षेत्र में भी धोखाधड़ी का एक अलग मामला सामने आया है। यहाँ एनर्जी ड्रिंक का ऑर्डर लेने के नाम पर जालसाजों ने लाखों रुपये की ठगी की है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
गाड़ियों की हेराफेरी के आरोप में दो के खिलफ केस
लसूड़िया पुलिस ने वाहनों की हेराफेरी और धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस इन आरोपियों की तलाश में जुटी है। साइबर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी ऐसे लुभावने विज्ञापनों या कॉल पर भरोसा न करें, जो कम समय में पैसा दोगुना करने या भारी मुनाफे का वादा करते हों। निवेश करने से पहले हमेशा अधिकृत प्लेटफार्मों की जांच करें।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/indore-hc-double-meaning-shayari-not-a-crime/156726