पन्ना। जिले से खाकी को दागदार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। मड़ला थाना क्षेत्र में एक सराफा...
पन्ना। जिले से खाकी को दागदार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। मड़ला थाना क्षेत्र में एक सराफा व्यापारी को गांजे के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर और बंधक बनाकर अवैध वसूली की गई। इस मामले में पन्ना पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीमती निवेदिता नायडू के कड़े रुख के बाद मड़ला थाना प्रभारी (TI) रचना पटेल समेत 4 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। इससे पहले आरोपी पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच और बाद में निलंबित भी किया गया था।
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, पीड़ित सराफा व्यापारी मोहन सोनी को एक सोची-समझी साजिश का शिकार बनाया गया। व्यापारी को पहले गाड़ी में बंधक बनाया गया और उनकी कार के भीतर गांजे का एक पैकेट रख दिया गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने तलाशी का नाटक किया और गाड़ी से गांजा बरामद होने की बात कहकर व्यापारी को गांजा तस्करी के झूठे केस में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी।
मामले को रफा-दफा करने के एवज में 1 लाख रुपये मांगी गई
मामले को रफा-दफा करने के एवज में भारी रकम की मांग की गई। व्यापारी को डरा-धमकाकर आखिरकार ₹95 हजार (लगभग 1 लाख रुपये) वसूल लिए गए। इसके अलावा व्यापारी की गाड़ी से अन्य रकम के भी गायब होने के आरोप हैं।
इन आरोपियों पर दर्ज हुई FIR
थाना प्रभारी की नाक के नीचे और उनकी संलिप्तता के साथ हुई इस वारदात पर मड़ला थाने में ही अपने स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर में रचना पटेल (थाना प्रभारी / TI, मड़ला), रज्जाक खान (हेड कांस्टेबल), रामशरण (कांस्टेबल), ब्रजेश यादव (अमित प्रयाग) और साथी (साजिश में शामिल बाहरी मददगार) नामजद हैं।
एसपी ने की सख्त कार्रवाई
जैसे ही यह पूरा मामला पन्ना जिले की कप्तान (SP) श्रीमती निवेदिता नायडू के संज्ञान में आया, उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया। भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामले में जीरो टॉलरेंस अपनाते हुए एसपी ने तत्काल प्रभाव से मड़ला थाना प्रभारी रचना पटेल और आरोपी आरक्षकों को लाइन अटैच करते हुए निलंबित कर दिया और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। फिलहाल पुलिस विभाग के ही अधिकारियों द्वारा इस पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/delhi-govt-cracks-down-on-illegal-animal-slaughter/207144