भोपाल। मप्र की राजधानी के एमपी नगर स्थित नापतौल विभाग के मुख्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संस्थान को...
भोपाल के नापतौल मुख्यालय को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी, जांच में निकला फर्जी
|
भोपाल। मप्र की राजधानी के एमपी नगर स्थित नापतौल विभाग के मुख्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संस्थान को एक धमकी भरा ईमेल मिला। इस दावा किया गया कि परिसर के अंदर 16 साइनाइड गैस सिलेंडर रखे गए हैं। ये सिलेंडर दोपहर 1:00 बजे एक साथ फटेंगे। कार्यालय के अधीक्षक को सुबह करीब 10:20 बजे एक ईमेल मिला, जिसमें "साइनाइड बम" के इस्तेमाल की बात कही गई थी।
सुरक्षा एजेंसियों ने किया जांच
ईमेल मिलते ही विभाग में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर पूरी बिल्डिंग को तुरंत खाली करा लिया गया। साथ ही पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पहुंचीं। लगभग 2 घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान में स्टोर रूम, ऑफिस और आसपास के कोनों की जांच की गई।
जांच में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
जांच के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु या गैस सिलेंडर नहीं मिला है। यह धमकी पूरी तरह से फर्जी साबित हुई। भोपाल में पिछले कुछ दिनों में यह इस तरह की तीसरी घटना है। इससे पहले एम्स (AIIMS) भोपाल और पीपल्स यूनिवर्सिटी को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे, जो बाद में फर्जी निकले थे।
फर्जी पहचान से शहशत फैलाने की कोशिश
साइबर सेल अब उस ईमेल एड्रेस को ट्रैक कर रही है जिससे यह संदेश भेजा गया था। पुलिस का अनुमान है कि इसके पीछे किसी ऐसे गिरोह का हाथ हो सकता है जो फर्जी पहचान का उपयोग करके दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है। दोपहर करीब 1:10 बजे स्थिति सामान्य होने के बाद कर्मचारियों ने वापस काम शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/world/nuclear-arms-control-agreement-between-america-and-russia-ends/132101