मुंबई। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज स्ट्रेट में नाकेबंदी के बीच वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की...
मुंबई। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज स्ट्रेट में नाकेबंदी के बीच वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आयी तेजी, डॉलर के मुकाबले भारतीय रूपये में कमजोरी और निवेशकों की मुनाफावसूली के कारण हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार आज गिरावट के साथ बंद हुआ।
भारतीय शेयर बाजार में आज कारोबार की शुरुआत पाजिटिव माहौल में तेजी के साथ हुई। सुबह बाजार खुला तो उम्मीद थी कि पिछले दो दिनों की तेजी आज भी जारी रहेगी, लेकिन दोपहर बाद अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों और रूपये की गिरावट के साथ ही निवेशकों का रूझान बदलने लगा। डॉलर के मुकाबले रुपये की वैल्यू आज फिर गिर गई और इसने 96.14 का नया रिकॉर्ड लो बना दिया। इसके अलावा ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव आज बढ़कर करीब 107 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया।
वैश्विक स्तर से मिल रहे खराब इंडिकेटर्स के कारण निवेशक आज प्रॉफिट बुकिंग के मूड में आ गये। इसका नतीजा ये रहा कि कारोबार के अंत में सेंसेक्स 160.73 अंक यानी 0.21 फीसदी की गिरावट के साथ 75,237.99 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 46.10 अंक यानी 0.19 फीसदी की गिरावट के साथ 23,643.50 के स्तर पर बंद हुआ।
अब तक का सबसे कमजोर क्लोजिंग स्तर
शेयर बाजार में कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स पिछली क्लोजिंग से 471.64 अंक तक उछलकर 75,870.36 के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। इसी तरह निफ्टी लगभग 150 अंक उछलकर 23,839.30 के हाई तक चला गया था। मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में आज कमजोरी गहराती दिखी और यह 96 के पार पहुंच गया। यह रूपये का रिकॉर्ड निचला स्तर है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया शुक्रवार को दोपहर के कारोबार में पहली बार 96.14 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। बाद में रुपया 30 पैसे की कमजोरी के साथ 95.94 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो अब तक का सबसे कमजोर क्लोजिंग स्तर है।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में नाकेबंदी के कारण अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी आज तेजी देखने को मिली। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 3.20 प्रतिशत चढ़कर 109.20 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इससे महंगाई बढ़ने की चिंता एक बार फिर बढ़ गई।
सेक्टोरल आधार पर नजर डालें तो निफ्टी मेटल में लगभग 2 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि पीएसयू बैंक, रियल्टी और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी भारी गिरावट के साथ बंद हुए। मिड कैप और स्मॉलकैप ने बेंचमार्क इंडेक्स के मुकाबले कमजोर प्रदर्शन किया। इसके विपरीत, IT,मीडिया और FMCG शेयरों में बढ़त देखने को मिली।
सोने चांदी पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाने और आयात पर कड़े प्रतिबंध के बाद भारतीय सर्राफा बाजार में सोना-चांदी की कीमतों में आज गिरावट देखने को मिली है। 24 कैरेट सोना आज सस्ता होकर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है और चांदी की बात करें तो यह 2.68 लाख रुपये प्रति किलो बिक रही है।
टाटा स्टील में सबसे ज्यादा 1.97 फीसदी गिरावट रही
स्टॉक मार्केट में आज की गिरावट निवेशकों की सम्पत्ति में 1,67,480.081 करोड़ रुपये की कमी आई। मार्केट बंद होने पर BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप घटकर 4,60,55,384.98 करोड़ रुपये रह गया। एक दिन पहले गुरुवार को मार्केट कैप 4,62,22,865.061 करोड़ रुपये रहा था।
शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के दौरान सेंसेक्स के 30 में से 16 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। टाटा स्टील में सबसे ज्यादा 1.97 फीसदी गिरावट रही। इसके अलावा इटरनल, रिलायंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, एसबीआई, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बीईएल, लार्सन एंड टुब्रो, ट्रेंट, एक्सिस बैंक और एशियन पेंट्स में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। दूसरी ओर इन्फोसिस में सबसे ज्यादा 2.08 फीसदी तेजी आई। इसके अलावा टेक महिंद्रा, पावरग्रिड, अडानी पोर्ट्स, मारुति, भारती एयरटेल और कोटक बैंक में भी तेजी रही।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/world/f16-jets-escort-pm-modi-plane-in-uae/204956