अभिनेता मनोज बाजपेयी और फिल्म निर्माता नीरज पांडे की जोड़ी नेटफ्लिक्स की नई फिल्म 'गजब रात' के साथ वापसी कर रही है।
मुंबई। अभिनेता मनोज बाजपेयी और फिल्म निर्माता नीरज पांडे की जोड़ी नेटफ्लिक्स की नई फिल्म 'गजब रात' के साथ वापसी कर रही है। इससे पहले इस फिल्म का नाम 'घूसखोर पंडित' रखा गया था, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था। अब निर्माताओं ने फिल्म के नए नाम और ट्रेलर के साथ इसकी दोबारा घोषणा की है। यह फिल्म 23 अक्टूबर को रिलीज होगी। मनोज बाजपेयी और नीरज पांडे इससे पहले 'स्पेशल 26' और 'अय्यारी' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। दोनों के सहयोग को दर्शकों ने पसंद किया है। अब उनकी नई फिल्म 'गजब रात' को लेकर चर्चा हो रही है। फरवरी में जब फिल्म की घोषणा 'घूसखोर पंडित' नाम से की गई थी, तब इसके शीर्षक को लेकर विरोध हुआ था। कई लोगों ने आरोप लगाया था कि इससे एक विशेष समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन में निर्माताओं ने फिल्म का पुराना नाम और उससे जुड़ा ट्रेलर व अन्य प्रचार सामग्री वापस ले ली थी।
सुप्रीम कोर्ट में निर्माताओं ने दिया था हलफनामा
फिल्म निर्माता नीरज पांडे ने अदालत में हलफनामा दाखिल कर पुराने शीर्षक को वापस लेने की बात कही थी। उन्होंने आश्वासन दिया था कि भविष्य में चुना जाने वाला नया नाम पुराने शीर्षक से मिलता-जुलता नहीं होगा और फिल्म की कहानी व उद्देश्य को सही ढंग से दर्शाएगा। निर्माता के इस जवाब को सकारात्मक मानते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मामले का निपटारा कर दिया था। न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना और उज्ज्वल भुयान की पीठ ने यूट्यूबर्स से भी इस विवाद को समाप्त करने का आग्रह किया था।
साकिब सलीम और नुसरत भरूचा भी आएंगे नजर
'गजब रात' में मनोज बाजपेयी के साथ साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, दिव्या दत्ता, किकू शारदा और नुसरत भरूचा भी नजर आएंगे। यह एक थ्रिलर फिल्म है। फिल्म का निर्देशन रितेश शाह कर रहे हैं, जबकि नीरज पांडे इसके निर्माता हैं। रितेश शाह इससे पहले लेखक के तौर पर काम कर चुके हैं और अब इस प्रोजेक्ट के जरिए निर्देशन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
नीरज पांडे बोले- कहानी दर्शकों को सोचने पर मजबूर करे
फिल्म को लेकर निर्माता नीरज पांडे ने कहा कि उनका हमेशा से मानना रहा है कि एक दिलचस्प कहानी सिर्फ दर्शकों को अनुमान लगाने पर मजबूर नहीं करती, बल्कि उन्हें सोचने के लिए भी प्रेरित करती है। उनके मुताबिक, 'गजब रात' एक ऐसा थ्रिलर है, जिसमें किरदारों के फैसले उन्हें ऐसी परिस्थितियों में ले जाते हैं, जहां कोई आसान जवाब नहीं होता। फिल्म में तनाव केवल एक रात के दौरान होने वाली घटनाओं से नहीं, बल्कि किरदारों के सामने आने वाली नैतिक दुविधाओं से भी पैदा होता है। उन्होंने मनोज बाजपेयी के साथ दोबारा काम करने और रितेश शाह को निर्देशक के रूप में इस प्रोजेक्ट से जुड़ते देखने को भी रोमांचक अनुभव बताया। नीरज पांडे ने कहा कि वह दर्शकों के नेटफ्लिक्स पर फिल्म देखने का इंतजार कर रहे हैं।
मनोज बाजपेयी बोले- फिल्म में सस्पेंस और जवाबदेही के सवाल
अभिनेता मनोज बाजपेयी ने कहा कि नेटफ्लिक्स के साथ उनका सफर रोमांचक रहा है और 'गजब रात' भी ऐसा ही एक प्रोजेक्ट है, जिसका हिस्सा बनकर वह खुश हैं। उन्होंने बताया कि वह हमेशा ऐसे किरदारों की ओर आकर्षित रहे हैं, जिन्हें आसानी से परिभाषित नहीं किया जा सकता। इस फिल्म में उन्हें सस्पेंस, नैतिक दुविधाओं और जवाबदेही से जुड़े सवालों वाली दुनिया में काम करने का मौका मिला। मनोज बाजपेयी के अनुसार, कहानी की खासियत यह है कि जैसे-जैसे रात आगे बढ़ती है, किरदारों के इरादे धीरे-धीरे सामने आते हैं। उन्होंने नीरज पांडे के साथ दोबारा काम करने को शानदार अनुभव बताया और रितेश शाह को लेखक से निर्देशक की भूमिका में देखना भी रोमांचक बताया। फिल्म 23 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
(एएनआई)
ये भी पढ़ें: ध्रुव राठी मानहानि मामले में दिल्ली कोर्ट का आदेश, वर्षों बाद नए सिरे से जारी होगा समन