प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित बने नए वायु सेना प्रमुख

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे नए वायु सेना प्रमुख, 31 अक्टूबर को संभालेंगे कमान

सरकार ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को अगला वायु सेना प्रमुख नियुक्त किया है। वे 31 अक्टूबर की दोपहर को पदभार संभालेंगे। पढ़ें पूरी खबर।

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे नए वायु सेना प्रमुख 31 अक्टूबर को संभालेंगे कमान

Air Marshal Ashutosh Dixit and AFFWA Vice President Archana Dixit with President Draupadi Murmu |

नई दिल्ली। सरकार ने वर्तमान में वायु सेना के उप प्रमुख के रूप में सेवा दे रहे एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को एयर चीफ मार्शल के रैंक पर देश का 29वां वायु सेना प्रमुख (Chief of the Air Staff) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 31 अक्टूबर की दोपहर से प्रभावी होगी।

मौजूदा वायु सेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त (superannuate) हो जाएंगे, जिसके बाद एयर मार्शल दीक्षित भारतीय वायु सेना के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

बल में स्वदेशी एलसीए तेजस (LCA Tejas) और अन्य स्वदेशी विमान परियोजनाओं को बढ़ावा देने में अपनी अहम भूमिका के लिए जाने जाने वाले एयर मार्शल दीक्षित से रक्षा क्षेत्र में सरकार की 'आत्मनिर्भरता' पहल को और सुदृढ़ करने की उम्मीद है।

करियर और शैक्षणिक पृष्ठभूमि

एयर मार्शल दीक्षित को 6 दिसंबर, 1986 को भारतीय वायु सेना की लड़ाकू विमान (फाइटर) स्ट्रीम में कमीशन किया गया था। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), बांग्लादेश स्थित डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज और राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (NDC) के पूर्व छात्र हैं। उनके पास 3,500 घंटे से अधिक का उड़ान का अनुभव है।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, एयर मार्शल ने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण फील्ड और स्टाफ नियुक्तियां संभाली हैं। कमांडिंग ऑफिसर के रूप में, उन्होंने नंबर 9 स्क्वाड्रन को मिराज-2000 विमानों से पुनः सुसज्जित किया और बाद में पश्चिमी सेक्टर में एक फ्रंटलाइन फाइटर एयर बेस तथा दक्षिणी सेक्टर में एक प्रमुख फाइटर ट्रेनिंग बेस की कमान संभाली।

इसके बाद, उन्होंने सदर्न एयर कमांड के एयर डिफेंस कमांडर के रूप में कार्य किया और वायु भवन स्थित वायु सेना मुख्यालय में सहायक वायु सेना प्रमुख (प्रोजेक्ट्स) तथा सहायक वायु सेना प्रमुख (प्लान्स) के पदों पर अपनी सेवाएं दीं।

वीरता और विशिष्ट सेवा पुरस्कार

राष्ट्र के प्रति उनकी उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवाओं के मान्यता स्वरूप, एयर मार्शल दीक्षित को 2006 में वायु सेना पदक, 2011 में विशिष्ट सेवा मेडल, 2023 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और 2026 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्विस राष्ट्रपति गाइ परमेलिन के सम्मान में किया भोज का आयोजन

Related to this topic: