भाजपा ने नितिन नबीन के नेतृत्व में नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया। स्मृति ईरानी, बिप्लब देब समेत कई नेताओं को बड़ी जिम्मेदारियां मिलीं, जबकि 2027 चुनावों पर संगठन की नजर है।
नई दिल्ली। भाजपा ने सोमवार को अपनी नई टीम का ऐलान किया, जो पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में काम करेगी। इस टीम में कई नए चेहरे शामिल हैं और यह अनुभव और युवा जोश का मिश्रण है। इसमें महिलाओं को भी अच्छी-खासी हिस्सेदारी दी गई है। बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बने रहेंगे।
दिग्गज चेहरों को अहम जिम्मेदारी
नई टीम में अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब, सुनील बंसल, विनोद तावड़े, गजेंद्र पटेल, सतीश पूनिया, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया का नाम शामिल हैं जिन्हें महासचिव के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बता दें कि यह घोषणा नितिन नबीन के पार्टी प्रमुख बनने के लगभग छह महीने बाद की गई है।
उपाध्यक्ष पदों पर महिलाओं को प्राथमिकता
पार्टी ने कई वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है। इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा, प्रो. तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर शामिल हैं। 13 नए उपाध्यक्षों में छह महिलाएं हैं।
नए चेहरों को राष्ट्रीय सचिव पद
मध्य प्रदेश की कविता पाटीदार, केरल के के. सुरेंद्रन, उत्तर प्रदेश के डॉ. भोला सिंह, झारखंड के प्रदीप वर्मा, गुजरात के जगदीश ईश्वरभाई पटेल, दिल्ली के संदीप पाठक, नागालैंड के फांग्नोन कोन्यक, उत्तर प्रदेश की संगीता यादव, केरल के अनिल एंटनी, तमिलनाडु के एम. वेंकटेशन, पश्चिम बंगाल के मनोज टिग्गा, बिहार के सिद्धार्थ शंभू, दिल्ली के स्वदेश सिंह, असम के मृगांका देव बर्मन, गुजरात के रोहन गुप्ता और दिल्ली के जय प्रकाश को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।
कोषाध्यक्ष और मोर्चा प्रभारियों की कमान
पीयूष गोयल को एक बार फिर पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय का प्रभारी नियुक्त किया है। गुजरात के सांसद हेमांग जोशी को युवा मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि महिला मोर्चा की देखरेख छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी करेंगी। लोकसभा सांसद अनिल बलूनी मीडिया संयोजक के रूप में अपना पदभार संभालते रहेंगे। पार्टी के सह-संयोजक आशीष उषा अग्रवाल (मध्य प्रदेश), प्रदीप भंडारी (दिल्ली) और सिद्धार्थ यादव (दिल्ली) हैं।
2027 के चुनावों से पहले बड़ा सियासी संदेश
छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। नितिन नवीन की नई टीम के लिए 2027 में एक बड़ी परीक्षा होगी, जब उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में चुनाव होंगे। पार्टी के ढांचे में हुए बदलावों से केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी फेरबदल की संभावना बन सकती है।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)
सवाल: भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम का नेतृत्व कौन कर रहा है?
जवाब: भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम का नेतृत्व पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन कर रहे हैं।
सवाल: नई टीम में महासचिव के रूप में किन प्रमुख चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है?
जवाब: नई टीम में स्मृति ईरानी, बिप्लब देब, सुनील बंसल, विनोद तावड़े, गजेंद्र पटेल, सतीश पूनिया, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को महासचिव बनाया गया है।
सवाल: भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी किसे सौंपी गई है?
जवाब: पीयूष गोयल को एक बार फिर पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: 'बंगाल की बदली हुई राजनीति पर शर्म आती है': टीएमसी नेता कुणाल घोष