प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया पर उठाए गंभीर सवाल

कांग्रेस ने की CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, ECINet और मतदाता सूची पर उठाए सवाल

कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए CEC ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की है। पार्टी ने साॅफ्टवेयर से जुड़ी गड़बड़ियों का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा है।

कांग्रेस ने की cec ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग ecinet और मतदाता सूची पर उठाए सवाल

Jairam Ramesh raises election concerns |

नई दिल्ली। कांग्रेस ने गुरुवार को कहा कि चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और यदि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार में थोड़ी भी नैतिकता है तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक खबर का हवाला देते हुए यह दावा भी किया कि इस "घिनौनी साजिश" के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी जवाबदेह ठहराया जाएगा।

गोवा में 97 मतदाताओं के मामलों पर विवाद

उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की जब अंग्रेजी दैनिक 'इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट में यह कहा गया है कि गोवा में 97 मतदाताओं के मामलों में निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) ने दस्तावेजों की जांच करने और सुनवाई के बाद उन्हें अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने योग्य पाया था, लेकिन "ईसीआईनेट" सॉफ्टवेयर में उन्हें दोबारा शामिल करने का विकल्प उपलब्ध नहीं था। गोवा के सीईओ कार्यालय ने इस संबंध में सात दिनों में आठ बार अनुरोध किया था।

जयराम रमेश ने राहुल गांधी के सवाल दोहराए

रमेश ने इस खबर का उल्लेख करते हुए 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा "प्रत्येक नए साक्ष्य" से इस बात की पुष्टि होती है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पिछले करीब दो वर्षों से चुनाव प्रक्रिया को लेकर जो सवाल उठाते रहे हैं, वे गंभीर हैं। उन्होंने आरोप लगाया "चुनाव प्रक्रिया से पूरी तरह से समझौता कर लिया गया है और इसे दूषित कर दिया गया है।"

SIR और ECINet को लेकर कांग्रेस के आरोप

रमेश ने यह आरोप भी लगाया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की पूरी प्रक्रिया ECINet सॉफ्टवेयर को सौंप दी गई है और इसके कारण एसआईआर के तीसरे चरण में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए या चिह्नित किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में 54 प्रतिशत और सभी राज्यों में करीब 12 करोड़ मतदाताओं को हटाया या चिह्नित किया गया है।

ECI तक पहुंच सीमित करने पर जताई आपत्ति

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि ईआरओ की ईसीआईनेट तक पहुंच सीमित करना "केंद्रीकरण की अवैध कार्रवाई" है। रमेश ने खबर का हवाला देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के दो आयुक्तों ने इस मुद्दे को लेकर कैबिनेट सचिव को पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी।

फॉर्म-6 प्रक्रिया को लेकर भी कांग्रेस चिंतित

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 की प्रक्रिया को भी कठिन बनाया गया है और इससे पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद से राहुल गांधी चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते रहे हैं, जो अब सही साबित हो रहे हैं।

CEC से इस्तीफे की मांग

कांग्रेस नेता ने ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा "पहले कदम के तौर पर सीईसी ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।" उन्होंने यह दावा भी किया कि कुमार के इस्तीफे के बाद इस "घिनौनी साजिश" के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को "जवाबदेह ठहराया जाएगा।"

यह भी पढ़ें: निर्वाचन आयुक्तों का अलग-अलग विचार जाहिर करना सच्चे लोकतंत्र का प्रतीक : भाजपा

Related to this topic: