म3एम हुरुन इंडिया की 2026 की सूची के अनुसार, गौतम अदाणी और उनके परिवार ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची में फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
नई दिल्ली (भारत)। म3एम हुरुन इंडिया की नवीनतम सूची के मुताबिक, गौतम अदाणी एवं परिवार ने मुकेश अंबानी एवं परिवार को पीछे छोड़ते हुए भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची में फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। अदाणी परिवार की संपत्ति 13 प्रतिशत बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जबकि अंबानी परिवार की संपत्ति 10 प्रतिशत घटकर 8.63 लाख करोड़ रुपये रह गई है। इस तरह दोनों अमीर परिवारों के बीच संपत्ति का अंतर 59,400 करोड़ रुपये रहा है। हुरुन के अनुसार, पिछले पांच साल में गौतम अदाणी और मुकेश अंबानी परिवार ने कई बार शीर्ष स्थान बदला है।
शीर्ष पांच में शामिल अन्य अमीर उद्योगपति
इस्पात उद्यमी लक्ष्मी निवास मित्तल और परिवार 93 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 3.39 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। यूरोप में इस्पात की ऊंची कीमतों और व्यापार संरक्षण से उनकी संपत्ति में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सीरम इंस्टिट्यूट के साइरस पूनावाला और परिवार 3.03 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर रहे हैं। एचसीएल की रोशनी नादर मल्होत्रा और परिवार 2.79 लाख करोड़ रुपये के साथ पांचवें स्थान पर कायम हैं और वह देश की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं।
देश में अरबपतियों और संपत्ति के आंकड़े
भारत में कम-से-कम 1,000 करोड़ रुपये की संपत्ति वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,810 हो गई है, जो एक साल पहले की तुलना में 128 अधिक है। इन धनवान भारतीयों की कुल संपत्ति 12.8 प्रतिशत बढ़कर 187.5 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जो करीब 1.96 लाख करोड़ डॉलर के बराबर है। देश में डॉलर के हिसाब से अरबपतियों की संख्या साल भर में 27 बढ़कर रिकॉर्ड 391 हो गई है। मुंबई 465 अरबपतियों के साथ देश में संपत्ति का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है, जिसके बाद नयी दिल्ली और बेंगलुरु का स्थान है।
यह भी पढ़ें: युवा कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ किया प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग