मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में CJP के प्रदर्शन के दौरान बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को पुलिस ने हिरासत में लिया। अभिनेता ने कहा कि वे नागरिक के तौर पर आवाज़ दबाए जाने का विरोध करने आए थे।
मुंबई (महाराष्ट्र)। देशभर में चुनाव आयोग के खिलाफ जारी सियासी घमासान के बीच मुंबई के ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान से बड़ी खबर सामने आई है। शनिवार को 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को हिरासत में ले लिया। चीफ इलेक्शन कमिश्नर के इस्तीफे की मांग को लेकर बुलाए गए इस प्रदर्शन में इमरान खान एक आम नागरिक के तौर पर पहुंचे थे।
हिरासत के बाद इमरान का तंज: "शायद ड्राइव पर जा रहा हूं
पुलिस हिरासत में लिए जाने के तुरंत बाद अभिनेता इमरान खान ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वे पुलिस वैन के अंदर बैठे हुए नज़र आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने हल्के-फुल्के व्यंग्यात्मक अंदाज़ में कैप्शन लिखा, "लगता है मैं एक ड्राइव पर जा रहा हूं। नागरिक के रूप में आया हूँ, कोई निजी मांग नहीं" मीडिया से बातचीत करते हुए इमरान खान ने स्पष्ट किया कि वे किसी राजनीतिक संगठन के प्रतिनिधि या अपनी किसी खास मांग के साथ मैदान में नहीं उतरे थे।
उन्होंने कहा, "मेरी कोई निजी मांग नहीं है। मैं यहाँ इस शहर में रहने वाले एक आम नागरिक के तौर पर आया हूँ। मैं यह देखने और समझने आया हूँ कि लोगों की आवाज़ क्यों दबाई जा रही है और उनकी आवाजाही की स्वतंत्रता पर पाबंदी क्यों लगाई जा रही है? बस यही वजह है कि मैं यहाँ खड़ा हूँ।"
संगठन से दूरी, व्यक्तिगत भागीदारी पर जोर
अभिनेता ने अपनी निष्पक्षता पर जोर देते हुए आगे कहा, "मुझे लोगों से कुछ भी मांगने का कोई अधिकार नहीं है। मैं किसी संगठन का हिस्सा नहीं हूँ। मैं यहाँ केवल एक नागरिक प्रतिनिधि के तौर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने आया हूँ।"
मुंबई से दिल्ली तक पुलिस का बड़ा क्रैकडाउन
इमरान खान को हिरासत में लिए जाने का यह मामला अगस्त क्रांति मैदान में पुलिस की बड़े पैमाने पर की गई कार्रवाई का हिस्सा है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, मैदान में प्रदर्शन की कोशिश कर रहे 400 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।
दूसरी ओर, इस प्रदर्शन का असर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी व्यापक रूप से देखा गया। दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे लगभग 1,000 प्रदर्शनकारियों को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से हिरासत में लिया गया है।
(इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग के समर्थन में उतरे 124 पूर्व नौकरशाह, EVM और SIR पर सवाल उठाने वालों को दिया करारा जवाब