भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 96 रन से भारी विजय दर्ज कर इतिहास रच दिया।
भारत ने तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप जीतकर रचा इतिहास
डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया
अहमदाबाद।
भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 96 रन से भारी विजय दर्ज कर इतिहास रच दिया। डिफेंडडिंग चैंपियन भारतीय टीम ने टी 20 महामुकाबले में न्यूजीलैंड को करारी शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार और कुल मिलाकर तीसरी बार विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम करते हुए इतिहास रच दिया। रोहित शर्मा (2024) के बाद अब सूर्य कुमार यादव (2026) की कप्तानी में भारत ने लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड जीतकर इतिहास रचा है।
भारतीय टीम की आज की जीत के हीरो संजू सैमसन (89), ईशान किशन (54) और अभिषेक शर्मा (52) रहे जिनके के अर्धशतकों की बदौलत भारतीय टीम ने विशालस्कोर खड़ा करने में सफलता हासिल की। बाद में जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की पाली को सस्ते में समेटने में अहम भूमिका निभाई। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए। अक्षर पटेल ने 3 शिकार किए।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने भारत के खिलाफ अहमदाबाद में खेले गये टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बीस ओवर में पांच विकेट खोकर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 वें ओवर में 196 के स्कोर पर सिमट गयी।
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के साथ ही क्रिकेट इतिहास के कई कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिए हैं। भारत अब तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। यही नहीं, 2024 के बाद 2026 में लगातार जीत दर्ज कर भारत खिताब को डिफेंड करने वाला और लगातार दो बार चैंपियन बनने वाला पहला राष्ट्र भी बन गया है। साथ ही, घरेलू मैदान (अहमदाबाद) पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने का गौरव हासिल करने वाला भी भारत पहला देश बन गया है।
रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम को 2023 में वनडे विश्व कप के अहमदाबाद में खेले गये खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने हराकर करोड़ों भारतीयों का दिल चकनाचूर कर दिया था। अब इसी मैदान पर टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 विश्व कप में लगातार दूसरी बार और ओवरऑल तीसरी बार विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल कर लिया है। इससे पहले भारत ने एमएस धोनी की कप्तानी में 2007, रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 और अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 2026 में विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच के लिए भारतीय टीम ने अपनी एकादश में कोई बदलाव नहीं किया था। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के फार्म को देखते हुए उनके ड्राप होने की संभावना थी। पर टीम प्रबंधन का उन्हें प्लेइंग एलेवन में बनाये रखने का फैसला सही साबित हुआ और अभिषेक की पाली आज यादगार बन गयी। दूसरी तरफ कीवी टीम अपने प्लेइंग एलेवेन में एक बदलाव किया था। कोल मैक्कॉन्की की जगह जैकब डफी की प्लेइंग-11 में एंट्री मिली थी।
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का स्कोर खड़ा किया। जीत के लिए न्यूजीलैंड को 256 रन का विशाल लक्ष्य दिया। भारत का यह टी20 विश्व कप फाइनल में अबतक का सबसे बड़ा स्कोर है।
भारत के लिए संजू सैमसन ने सबसे अधिक 89 रन 46 गेंदों का सामना करते हुए बनाये। तेज रन बनाने के चक्कर में वे एक बार फिर शतक से चूक गये। अभिषेक शर्मा ने 52 रन (21 गेंद) और ईशान किशन 54 रन (25 गेंद) की पारी खेली। अंत में शिवम दुबे ने 8 गेंद में 26 रन की पारी खेली और टीम को 250 रन के पार पहुंचा दिया।
सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए छठे ओवर तक बिना विकेट गंवाएं 92 का स्कोर बनाया। इसके बाद अभिषेक ने महज 18 गेंदों में अपना अर्धशतक जड़ा। पहले विकेट के लिए दोनों के बीच 98 रन की साझेदारी हुई। भारतीय क्रिकेट टीम को पहला झटका आठवें ओवर में लगा। अभिषेक ने छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 21 गेंदों में 52 रन बनाए।
अभिषेक के पैवेलियन लौटने के बाद संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। संजू का ईशान किशन ने भी बखूबी साथ दिया। ईशान ने 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। दूसरे विकेट के लिए दोनों के बीच 105 रनों की पार्टनरशिप हुई। लेकिन 16वें ओवर में भारत के तीन अहम विकेट गिर जाने के बाद भारत की रन बटोरने की गति पर ब्रेक लगता दिखा। जेम्स नीशम ने पहले संजू को पवेलियन का रास्ता दिखाया। संजू एकबार फिर शतक जड़ने से चूक गए। उन्होंने बेहतरीन पारी खेलते हुए पांच चौके और आठ छक्कों की मदद से 46 गेंदों में 89 रन बनाए। यह टी20 विश्व कप फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का व्यक्तिगत स्कोर है। उन्होंने मार्लन सैमुअल्स (2016) और केन विलियमसन (2021) के 85 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
इसके बाद नीशम ने ईशान को अपना शिकार बनाया। उन्होंने चार चौके और चार छक्कों की मदद से 25 गेंदों में 54 रनोंं की पारी खेली। टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले नीशम का शिकार बने। संजू के आउट होने के बाद कोई भी खिलाड़ी ज्यादा देर नहीं टिक सका। हार्दिक पांड्या ने 18 रन बनाए। वहीं, तिलक वर्मा ने नाबाद रहते हुए 8 रन बनाए। आखिरी ओवर में शिवम दुबे ने बड़े शॉट्स लगाकर भारत के स्कोर में अहम रन जोड़े। शिवम ने आठ गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 26 रन बनाए। न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी करते हुए जेम्स नीशम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं मैट हेनरी और रचिन रवींद्र ने एक-एक विकेट हासिल किये।
न्यूजीलैंड टीम की 255 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत खास नहीं रही। तीसरे ओवर में भारत को पहली सफलता अक्षर पटेल ने दिलाई। अक्षर ने फिन एलन (9) को अपना शिकार बनाया। इसके बाद जसप्रीत ने रचिन रविंद्र (1) को पवेलियन भेजा। एक छोर से विकेट गिर रहे थे तो दूसरे छोर से टिम सिफर्ट ने जिम्मेदारी भरी पाली खेलते हुए 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। पांचवें ओवर में अक्षर ने ग्लेन फिलिप्स (5) को आउट कर भारत की पकड़ मजबूत कर दी।
इसके बाद मेहमान टीम ने लगातार विकेट खोए और भारत की जीत की उम्मीदें पक्की हो गईं। 72 के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी।
किवी टीम के मार्क चैपमैन तीन रन बनाकर हार्दिक का शिकार बने। वहीं, वरुण चक्रवर्ती ने नौवें ओवर सिफर्ट को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। सिफर्ट ने 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 26 गेंदों में 52 रन बनाए। डेरिल मिचेल ने 17 रन जोड़े। जसप्रीत ने 16वें ओवर में लगातार दो विकेट चटकाए। उन्होंने नीशम और मैट हेनरी को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद बुमराह ने मिचेल सैंटनर को आउट किया। सैंटनर ने तीन चौके और दो छक्के की मदद से 35 गेंदों में 43 रन बनाए। टिम सीफर्ट (26 गेंद में 52)के अलावा टॉप ऑर्डर का और कोई कीवी बल्लेबाज पिच पर पैर नहीं जमा सका। फिन ऐलन (9), रचिन रवींद्र(1), ग्लेन फिलिप्स (5), मार्क चैपमैन (3) रन बनाकर पवेलियन लौटे। भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर अपनी तीसरी ट्रॉफी पर अपना नाम लिखा लिया। यह रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी T20 जीत है।
इसे भी पढ़ेंः
सूर्य कुमार की कप्तानी में भारतीय टीम बेहतर फार्म में पर न्यूजीलैंड को कमतर आंकना हो सकती है बड़ी भूल
https://www.primenewsnetwork.in/sports/india-a-big-threat-under-suryakumar-captaincy/147909