तमिलनाडु पुलिस ने शुक्रवार को तिरुनेलवेली में अपनी पत्नी की घर पर नेचुरल डिलीवरी की कोशिश के दौरान एक बच्चे की मौत के मामले में एक आदमी को गिरफ्तार किया है।
तिरुनेलवेली (तमिलनाडु)। तमिलनाडु पुलिस ने शुक्रवार को तिरुनेलवेली में अपनी पत्नी की घर पर "नेचुरल" डिलीवरी की कोशिश के दौरान एक बच्चे की मौत के मामले में एक आदमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान मेलापलायम में थेरकु थैका स्ट्रीट निवासी 35 वर्षीय नसीम हुसैन के रूप में हुई है।
पति ने घर पर की डिलीवरी की कोशिश
तिरुनेलवेली शहर के पुलिस कमिश्नर मणिवन्नन के मुताबिक, नसीम हुसैन की पत्नी गर्भवती थी। बीते शुक्रवार को जब लेबर पेन शुरू हुआ तब आरोपी पत्नी को अस्पताल ले जाने के बजाय, कथित तौर पर अपने घर पर ही "नेचुरल" डिलीवरी करवाने की कोशिश की। रात करीब 11 बजे एक बच्चे का जन्म हुआ, लेकिन जन्म के तुरंत बाद ही बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद, नसीम ने बच्चे के शव को मेलापलायम में कट्टू जुम्मा मस्जिद के पास एक कब्रिस्तान में दफना दिया।
डॉक्टरों ने शक होने पर पुलिस को दी सूचना
बाद में यह जोड़ा आगे के इलाज के लिए मेलापलायम सरकारी प्राइमरी हेल्थ सेंटर गया। जांच के दौरान, डॉक्टरों को शक हुआ कि डिलीवरी घर पर हुई थी और उन्होंने मेलापलायम पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी के आधार पर, पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि पति-पत्नी ने आपसी सहमति से घर पर डिलीवरी की कोशिश की थी। जांच के बाद, नसीम हुसैन को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बच्चे के शव को शनिवार शाम को राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए तिरुनेलवेली सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/ford-india-to-restart-export-focused-production-at-chennai-plant/132486
फोर्ड इंडिया चेन्नई प्लांट से फिर शुरू करेगी एक्सपोर्ट-फोकस्ड प्रोडक्शन