कॉकरोच जनता पार्टी ने 2 अक्टूबर से शिवाजी पार्क में ‘जेल भरो आंदोलन’ का ऐलान किया है। राज और उद्धव ठाकरे ने चुनाव आयोग के खिलाफ 4 अक्टूबर को मुंबई में मार्च की घोषणा की है।
मुंबई (महाराष्ट्र)। चुनाव आयोग के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने गांधी जयंती (2 अक्टूबर) से ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बुधवार को कहा कि आंदोलन मुंबई के शिवाजी पार्क से शुरू होगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और आम लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की।
मुंबई पहुंचने के बाद दिपके ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग का कामकाज देशहित में नहीं है। उन्होंने आयोग की कथित “तानाशाही” पर चिंता जताते हुए कहा कि देश में बदलाव लाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
शरद पवार के एआई संबंधी बयान का दिपके ने किया समर्थन
दिपके ने चुनावों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के कथित दुरुपयोग को लेकर एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के लिए सभी को साथ आना चाहिए।
एसआईआर पर विरोध और इस्तीफे की मांग के बीच घोषणा
यह घोषणा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष के तेज होते विरोध प्रदर्शनों के बीच हुई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है।
चार अक्टूबर को बायकुला से बीएमसी मुख्यालय तक मार्च
इससे पहले मंगलवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन किया था। दोनों नेताओं ने घोषणा की कि चुनाव आयोग के खिलाफ 4 अक्टूबर को मुंबई में विरोध मार्च निकाला जाएगा।
राज ठाकरे ने कहा, "4 अक्टूबर को एक संयुक्त विरोध मार्च निकाला जाएगा। मार्च बायकुला से बीएमसी मुख्यालय तक जाएगा। यह विरोध चुनाव आयोग के खिलाफ होगा।"
ईवीएम और आयोग के कामकाज पर राज ठाकरे ने उठाए सवाल
एमएनएस प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी कई वर्षों से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठाती रही है। उन्होंने कहा, "कई वर्षों से हम लगातार ईवीएम और चुनाव आयोग के मनमाने कदम पर सवाल उठाते रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।"
राज ठाकरे ने सभी राजनीतिक दलों से मार्च में शामिल होने की अपील भी की। उन्होंने कहा, "मैं सभी दलों को इस विरोध मार्च में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना चाहता हूं।"
सीजेपी के ‘जेल भरो आंदोलन’ को एमएनएस का पूरा समर्थन
राज ठाकरे ने चुनाव आयोग के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित ‘जेल भरो आंदोलन’ का भी समर्थन किया। एमएनएस प्रमुख ने कहा, "हम सीजेपी के 'जेल भरो' आंदोलन को अपना पूरा समर्थन देंगे।"
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: ‘धांधली वाले चुनावों में हिस्सा लेना बंद करें विपक्षी दल’: अभिजीत दीपके