प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पिता की हत्या के आरोप में बेटा गिरफ्तार

चंडीगढ़ में एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने उसके बेटे को हिरासत में लिया

चंडीगढ़ में मुख्य आरक्षी नितिन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई और पुलिस ने इस मामले में उनके बेटे को मुख्य संदिग्ध के रूप में हिरासत में लिया है।

चंडीगढ़ में एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या पुलिस ने उसके बेटे को हिरासत में लिया

Representative Image |

चंडीगढ़ (भारत)। चंडीगढ़ पुलिस के एक मुख्य आरक्षी की यहां उनके घर के अंदर गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस हत्या के सिलसिले में मुख्य आरक्षी के बेटे को बतौर मुख्य संदिग्ध हिरासत में लिया गया है जो दो भाइयों की एक सड़क हादसे में मौत के मामले में जमानत पर रिहा हुआ था।

मुख्य आरक्षी नितिन सिंह यहां सेक्टर 22 में अपने सरकारी आवास में मृत पाए गए

इन दोनों भाइयों की उनकी मोटरसाइकिल को एक ‘थार’ वाहन द्वारा टक्कर मार दिये जाने से मौत हो गयी थी। पुलिस के अनुसार मुख्य आरक्षी नितिन सिंह यहां सेक्टर 22 में अपने सरकारी आवास में मृत पाए गए और उनके सिर पर गोली लगी थी। सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय उनका बेटा अरमान और उनकी पत्नी भी घर पर ही मौजूद थे।

पूछताछ के लिए अरमान हिरासत में

सेक्टर 17 के थाना प्रभारी सुदेश कुमार ने कहा, ‘‘इस मामले में उसका बेटा मुख्य आरोपी है। पूछताछ के लिए अरमान को हिरासत में लिया गया है और उसे मुख्य संदिग्ध समझा जा रहा है।’’ कुमार ने बताया कि घटनास्थल से एक स्थानीय पिस्तौल बरामद की गयी है। चंडीगढ़ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलदीप कौर ने सिंह के घर का दौरा किया।

सिंह पुलिस मुख्यालय की खाता शाखा में तैनात

उन्होंने कहा, ‘‘सुबह हमारे पास एक फोन आया था। जब पुलिस दल मौके पर पहुंचा, तो हमने पाया कि उनके सिर पर गोली लगी थी।’’ सिंह पुलिस मुख्यालय की खाता शाखा में तैनात थे। उन्होंने बताया कि इस साल के आरंभ में जब मनीमाजरा के ‘कलाग्राम लाइट पॉइंट’ पर मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों की मौत हुई, तब अरमान अपने दोस्त की थार गाड़ी चला रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मुताबिक तब अरमान को गिरफ़्तार किया गया था और बाद में ज़मानत पर रिहा कर दिया गया। 

(इनपुट: भाषा)

यह भी पढ़ेंः दिलजीत दोसांझ द्वारा 'महान' कहे जाने पर अभिनेता गोविंदा ने जताया आभार

Related to this topic: