नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पुणे में ऐतिहासिक शनिवार वाडा में मुस्लिम महिलाओं के नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल हुआ है।
पुणे के शनिवार वाडा में नमाज पर विवाद
भाजपा सांसद ने गौमूत्र से किया 'शुद्धिकरण'
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पुणे में ऐतिहासिक शनिवार वाडा में मुस्लिम महिलाओं के नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल हुआ है। इसके बाद हिंदू संगठनों और भाजपा सांसद मेधा कुलकर्णी ने गौमूत्र छिड़ककर और शिव वंदना करके 'शुद्धिकरण' समारोह आयोजित किया।
इसके बाद राज्य में भारी सियासी विवाद खड़ा हो गया है। विपक्ष ने सांप्रदायिक तनाव भड़काने का आरोप लगाया है।
भाजपा सांसद मेधा कुलकर्णी ने कहा कि शनिवार वाडा को मराठा साम्राज्य का प्रतीक है। यह नमाज के लिए अनुचित स्थान है।
उनका कहना था कि यह पुणेकरों के लिए चिंता और आक्रोश का विषय है। हम भगवा झंडा फहराना चाहते थे, लेकिन अधिकारियों ने रोक दिया।
उधर, महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने भी नमाज पढ़ने की घटना की निंदा की और कहा- 'शनिवार वाडा हिंदू समुदाय के लिए महत्वपूर्ण है। अगर हिंदू हाजी अली में हनुमान चालीसा पढ़ें, तो क्या मुस्लिम समुदाय को ठेस नहीं पहुंचेगी? नमाज के लिए मस्जिद जाएं।'
विपक्ष का पलटवार
विपक्षी नेताओं ने भाजपा सांसद की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है। एनसीपी की प्रवक्ता रूपाली पाटिल ठोंबरे ने पुलिस से मेधा कुलकर्णी के खिलाफ सांप्रदायिक तनाव भड़काने का मामला दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा- 'पुणे में हिंदू और मुस्लिम समुदाय सद्भाव से रहते हैं, लेकिन भाजपा इसे हिंदू बनाम मुस्लिम का मुद्दा बना रही है।'
एआईएमआईएम के प्रवक्ता वारिस पठान ने भाजपा पर भारत की धर्मनिरपेक्षता और बहुलवाद को नष्ट करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि तीन-चार मुस्लिम महिलाओं ने जुम्मे की नमाज पढ़ी तो इसमें क्या परेशानी है? संविधान का अनुच्छेद 25 धार्मिक स्वतंत्रता देता है।
अज्ञात महिलाओं के खिलाफ केस
पुलिस ने इस मामले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की तरफ से शिकायत के बाद अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने कहा, "शनिवार वाडा एक पुरातत्व विभाग का संरक्षित स्मारक है। हम उसकी की शिकायत और आवश्यकताओं के आधार पर कार्रवाई करेंगे। स्मारक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। किसी को भी परिसर के अंदर अनुमति नहीं दी जाएगी।