प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

राहुल-प्रियंका का चुनाव आयोग के खिलाफ धरना

राहुल-प्रियंका के धरने पर गृह मंत्रालय से बातचीत का दावा खारिज, PIB फैक्ट चेक ने बताया भ्रामक

पीआईबी फैक्ट चेक ने गृह मंत्रालय द्वारा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से संपर्क साधने के सोशल मीडिया दावों को खारिज किया। चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन जारी है।

राहुल-प्रियंका के धरने पर गृह मंत्रालय से बातचीत का दावा खारिज pib फैक्ट चेक ने बताया भ्रामक

Congress leaders Rahul Gandhi and Priyanka Gandhi Vadra |

नई दिल्ली। चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आकाशवाणी भवन पर धरना दे रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से केंद्रीय गृह मंत्रालय के संपर्क साधने के दावों को पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। सोशल मीडिया पर चल रही इन अपुष्ट खबरों को भ्रामक बताते हुए आधिकारिक स्रोतों पर ही विश्वास करने की सलाह दी गई है।

PIB ने फर्जी खबरों से बचने की दी सलाह

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे दावे किए जा रहे थे कि गृह मंत्रालय ने धरना समाप्त कराने के लिए कांग्रेस नेताओं से बातचीत की है। इस पर पीआईबी फैक्ट चेक ने 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा कि नागरिक भ्रामक दावों और असत्यापित जानकारियों से बचें तथा केवल पुष्ट स्रोतों पर भरोसा रखें।

निर्वाचन सदन मार्च रोके जाने पर धरना

कांग्रेस और विपक्षी दलों के नेताओं को निर्वाचन सदन की ओर मार्च करने से रोके जाने के बाद उन्होंने आकाशवाणी भवन के बाहर धरना शुरू किया। यह विरोध प्रदर्शन विपक्ष के 'लोकतंत्र बचाओ' अभियान का हिस्सा है। वहीं दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन के बाहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और एनएसयूआई नेताओं को हिरासत में ले लिया।

राहुल बोले- हम सिर्फ चुनाव आयोग से जवाब चाहते हैं

धरने के दौरान केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, "वहां से 300 विपक्षी सांसदों को हटा दिया गया, इसलिए मैं यहां आकर बैठ गया। हम केवल ज्ञानेश कुमार और अन्य चुनाव आयुक्तों से मिलकर बात करना चाहते हैं। करोड़ों लोगों ने हमें वोट दिया है और हम सिर्फ सवाल पूछना चाहते हैं, लेकिन वे जवाब नहीं देना चाहते।"

राहुल ने मोदी-शाह पर लगाए गंभीर आरोप

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा, "लोकतंत्र खत्म हो चुका है। नरेंद्र मोदी जी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने वोट को खत्म कर दिया है। नरेंद्र मोदी जी और अमित शाह जी ने देश को एक तरह से हाईजैक कर लिया है। हम संविधान को बचाने का प्रयास कर रहे हैं और पुलिस से पूछ रहे हैं कि यदि वे हमें हटाना चाहते हैं, तो बताएं कि हम देश में कहां बैठ सकते हैं।"

रिजिजू बोले- संवैधानिक संस्थाओं पर हमला बंद करें

दूसरी ओर, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार करते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमला करने से कांग्रेस को कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने नसीहत दी कि चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट को निशाना बनाने का दैनिक ड्रामा बंद कर जनसेवा पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘इंडिया’ गठबंधन का चुनाव आयोग मार्च, आकाशवाणी भवन में धरना

Related to this topic: