प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

वेनेजुएला ने भारत का जताया आभार

वेनेजुएला भूकंप: कार्यवाहक राष्ट्रपति ने भारत का जताया आभार, कहा- 'वेनेजुएला का पुनर्जन्म होगा'

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने भीषण भूकंप के बाद राहत और बचाव कार्यों में सहयोग के लिए भारत का धन्यवाद किया।

वेनेजुएला भूकंप कार्यवाहक राष्ट्रपति ने भारत का जताया आभार कहा- वेनेजुएला का पुनर्जन्म होगा

Venezuela Thanks India After Earthquake |

नई दिल्ली। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने भीषण भूकंप के बाद राहत और बचाव कार्यों में सहयोग के लिए भारत का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत सहित कई देशों ने मानवीय सहायता देकर वेनेजुएला के साथ एकजुटता दिखाई है और देश इस सहयोग को कभी नहीं भूलेगा।

भारत समेत कई देशों का जताया आभार

डेल्सी रोड्रिगेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, "हम यूनाइटेड किंगडम, कतर, फ्रांस, भारत, बारबाडोस, ब्राजील और अर्जेंटीना के बचावकर्ताओं को उनके अमूल्य कार्य और इन कठिन दिनों में वेनेजुएला के प्रति दिखाई गई एकजुटता के लिए सम्मानित करते हैं। वेनेजुएला आपके इस नेक कार्य को कभी नहीं भूलेगा।" उन्होंने अपने संदेश के अंत में कहा, "वेनेजुएला का पुनर्जन्म होगा।"

'ऑपरेशन अमिस्ताद' के तहत भारत का राहत अभियान जारी

विदेश मंत्रालय ने बताया कि 'ऑपरेशन अमिस्ताद' के तहत भारतीय सेना का फील्ड अस्पताल वेनेजुएला में अपना मानवीय मिशन जारी रखे हुए है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने X पर लिखा, "उपचार करने वाले हाथ, साझा मानवता। सेना का फील्ड अस्पताल वेनेजुएला में लगातार राहत और चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है।"

भारतीय दूतावास ने साझा की जानकारी

वेनेजुएला स्थित भारतीय दूतावास ने भी बताया कि भारतीय फील्ड अस्पताल अपने अनुभव और समर्पण के साथ प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है तथा दोनों देशों के बीच मित्रता के संबंधों को और मजबूत बना रहा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 24 जून को वेनेजुएला में एक मिनट से भी कम अंतराल पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे। अब तक 2,645 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि लगभग 38,500 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

अरबों डॉलर का हुआ नुकसान

संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के अनुसार, भूकंप से वेनेजुएला में भारी जनहानि के साथ बुनियादी ढांचे, आजीविका और आवश्यक सेवाओं को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। उपग्रह आधारित प्रारंभिक आकलन के मुताबिक प्रत्यक्ष भौतिक क्षति करीब 6.7 अरब अमेरिकी डॉलर आंकी गई है, जो देश की जीडीपी के लगभग 6 प्रतिशत के बराबर है।

(एएनआई)

यह भी पढ़े: भूटान ने भारतीय E20 पेट्रोल नहीं ठुकराया, मंत्रालय ने बताया दावा पूरी तरह झूठा

Related to this topic: