अनंतनाग,(जम्मू और कश्मीर)। वार्षिक श्री अमरनाथ जी यात्रा के लिए पंजीकरण और टोकन वितरण की प्रक्रिया शुरू होते ही सोमवार को जम्मू में स्थित पंजीकरण केंद्र पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। यह यात्रा 2 जुलाई को जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप से पहले जत्थे के रवाना होने के साथ औपचारिक रूप से शुरू होगी, जबकि बालटाल और पहलगाम मार्ग से यात्रा 3 जुलाई से प्रारंभ होगी।
तवी नदी के किनारे पंजीकरण के व्यापक इंतज़ाम
प्रशासन ने तवी नदी के किनारे पंजीकरण के लिए व्यापक इंतज़ाम किए हैं, जहां श्रद्धालु टोकन लेने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए लगातार पहुंच रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल, लंगर सेवा और सुरक्षा जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
यात्रा शुरू करने से पहले सुरक्षा चौकी पर जांच अनिवार्य
सीआरपीएफ कमांडेंट राजेश कुमार ने बताया, कि यात्रा के दौरान सुरक्षा को लेकर बहुस्तरीय व्यवस्था की गई है। इसमें एक्स-रे जांच, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड जैसी टीमें तैनात हैं, जो हर यात्री, सामान और वाहन की गहन जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा, कि हर यात्री को यात्रा शुरू करने से पहले सुरक्षा चौकी पर अनिवार्य जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।
पहलगाम में भी पंजीकरण केंद्र स्थापित
राजेश कुमार ने आगे बताया, कि सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मिलकर समन्वय के साथ काम कर रही हैं, ताकि पूरी यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहलगाम में भी पंजीकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे प्रक्रिया और अधिक सरल और सुलभ हो गई है। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः मार्टिनेली के 95वें मिनट के शानदार गोल से बचा ब्राजील