सवारी बैठाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया. जिसका वीडियो सामने आया
रीवा में नए बस स्टैंड पर सवारी बैठाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया. जिसका वीडियो सामने आया है. वीडियो में दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है.मारपीट की घटना के बाद बस स्टैंड परिसर पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्री भी सहम गए. जानकारी के अनुसार रीवाना नए बस स्टैंड में जय चिरहुला नाथ ट्रैवल्स के मैनेजर राजेश शुक्ला और दूसरे पक्ष के बीच सवारी बैठाने को लेकर विवाद हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच जमकर गालीगलौज हुई. इसके बाद विवाद बढ़ने पर तीखी बहस हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना में दोनों पक्षों की गलती रही और किसी ने भी स्थिति को शांत करने का प्रयास नहीं किया. दोनों पक्षों के विवाद के दौरान मौके पर मौजूद यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और माहौल असहज हो गया...मारपीट की घटना का वीडियो सामने आने के बाद नए बस स्टैंड की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार बस स्टैंड असामाजिक दलालों का अड्डा बनता जा रहा है. सवारी को लेकर प्रतिस्पर्धा के कारण यहां आए दिन विवाद होते रहते हैं, जो कई बार मारपीट में बदल जाते हैं. हैरानी की बात यह है कि समान थाना बस स्टैंड से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद बस स्टैंड परिसर में लगातार विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं. बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलग से बस स्टैंड थाना प्रभारी की तैनाती भी की गई है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि जरूरत के समय उनकी मौजूदगी नहीं दिखती. समान थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि नए बस स्टैंड में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की जानकारी मिली है. घटना का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जाएगी. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.