छत्तीसगढ़ सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरी तरह सख्त है और प्रदेश में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है।
कोरबा (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरी तरह सख्त है और प्रदेश में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है। जिले में हाल ही में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) द्वारा की गई कार्रवाइयों पर अपनी बात रखते हुए उप-मुख्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव ने साफ किया कि इस तरह की कार्रवाई से प्रशासनिक छवि खराब नहीं हो रही है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जहां भी भ्रष्टाचार की शिकायत मिलेगी, वहां प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा।

सरकार के प्रति लगातार मजबूत हो रहा जनता का विश्वास
प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 1 मई से 10 जून तक चल रहे 'सुशासन तिहार' को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। इस अभियान के तहत शिविरों में आम लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड और श्रम कार्ड जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं तुरंत बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों में उमड़ रही भारी भीड़ यह साबित करती है कि सरकार के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

कोरबा को ₹159 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए सुशासन तिहार के दौरान ₹159 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन संपन्न हुआ है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज कोरबा जिला बेहद तेज गति से आगे बढ़ रहा है। सरकार और डीएमएफ (DMF) की राशि के एक-एक पैसे का सदुपयोग सीधे जनता के हित में और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए किया जा रहा है।

विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने रखीं क्षेत्रीय मांगें
कार्यक्रम के दौरान पाली-तानाखार के क्षेत्रीय विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने पाली क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली की समस्या को प्रमुखता से उठाया और इसके स्थाई समाधान के लिए नए सब-स्टेशन की मांग रखी। इसके साथ ही उन्होंने विकास कार्यों से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी उप-मुख्यमंत्री को अवगत कराया। विधायक मरकाम ने लाफ़ा-पोड़ी मुख्य मार्ग से हरदी कछार तक जाने वाली सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।

डोंगानाला में फिर शुरू होगा नहर का निर्माण कार्य
सिंचाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि डोंगानाला में सिंचाई परियोजना हेतु नहर का कार्य जो उत्कृष्ट परीक्षा में स्थगित कर दिया गया था, उसे पुनः चालू किया जाए. साथ ही उन्होंने करतली और धोराभाटा में नए जलाशय निर्माण की आवश्यकता जताते हुए प्रभारी मंत्री से इन सभी मांगों को जल्द से जल्द पूरा कर विकास कार्यों को नई दिशा देने का आग्रह किया।

बैठकों में देरी पर दी सफाई, सुशासन तिहार के बाद होगी महासमीक्षा
पिछले कुछ महीनों से जिले में समीक्षा बैठक न होने के संबंध में पूछे गए सवाल पर प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि अलग-अलग परिस्थितियों और प्रशासनिक व्यस्तताओं के चलते बैठक नहीं हो पाई थी। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि वे लगातार क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के संपर्क में हैं और जिले के काम में कहीं कोई रुकावट नहीं आई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही 'सुशासन तिहार' का यह अभियान संपन्न होगा, वे खुद कोरबा जिले की एक विस्तृत समीक्षा बैठक लेंगे और जनहित के मुद्दों पर कड़े कदम उठाएंगे।

कार्यक्रम में ये दिग्गज रहे उपस्थित
इस भव्य सुशासन तिहार कार्यक्रम में मुख्य रूप से उद्योग एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन, क्षेत्रीय विधायक तुलेश्वर मरकाम, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, कोरबा कलेक्टर कुणाल दूतावत, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, भाजपा रायपुर सहसंयोजक राजीव सिंह, सांसद प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम, मंडल अध्यक्ष छोटू पटेल, जनपद सदस्य तथा ग्राम पंचायत डोंगाला के सरपंच समेत भारी संख्या में अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें: कोरबा में डीजल चोर गिरोह का भंडाफोड़, ₹10 हजार का इनामी मास्टरमाइंड 2 साथियों संग गिरफ्तार