कोरबा पुलिस कोयला खदान क्षेत्रों में सक्रिय डीजल चोर गिरोह के मुख्य मास्टरमाइंड और ₹10,000 के इनामी जिलाबदर आरोपी नवीन कश्यप सहित तीन आरोपियों को धरदबोचा है।
कोरबा (छत्तीसगढ़)। कोरबा पुलिस को कोयला खदान क्षेत्रों में सक्रिय डीजल चोर गिरोह के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य मास्टरमाइंड और ₹10,000 के इनामी जिलाबदर आरोपी नवीन कश्यप सहित तीन आरोपियों को धरदबोचा है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के कड़े रुख और निर्देशन में दीपका पुलिस द्वारा डीजल चोरों के खिलाफ चलाई जा रही ताबड़तोड़ कार्रवाई के तहत यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।
जांजगीर में छिपकर काट रहा था फरारी
पकड़ा गया मुख्य आरोपी नवीन कश्यप पिछले डेढ़ वर्षों से जिलाबदर होने के बावजूद पुलिस की आंखों में धूल झोंककर लुक-छिपे रह रहा था। पुलिस ने उस पर ₹10,000 का इनाम भी घोषित कर रखा था। 1 जून 2026 की रात को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी नवीन कश्यप पड़ोसी जिले जांजगीर में छुपा हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा और नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) दर्री के मार्गदर्शन में दीपका पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर मास्टरमाइंड नवीन कश्यप और उसके दो अन्य साथियों को दबोच लिया।

जब्त सामान और गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की जाने वाली दो स्कार्पियो गाड़ियां जब्त की हैं, जिसमें स्कार्पियो- CG 28 P 6555 और स्कार्पियो CG 12 BU 6064 शामिल है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों में नवीन कश्यप (उम्र 34 वर्ष), पिता- स्व. राम दयाल कश्यप, निवासी- बलगी शांतिनगर, बांकी मोंगरा (कोरबा)– मास्टरमाइंड, परमेश्वर सारथी (उम्र 28 वर्ष), पिता- जोहन लाल सारथी, निवासी- बलगी शांतिनगर, बांकी मोंगरा (कोरबा) सब्बीर मेमन (उम्र 35 वर्ष), पिता- अयूब मेमन, निवासी- गेवरा बस्ती, गांधी चौक, कुसमुंडा (कोरबा) शामिल है।
अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार, 2500 लीटर डीजल हो चुका है जब्त
दीपका पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस हाईप्रोफाइल डीजल चोर गिरोह के 09 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनसे 2500 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया जा चुका है। ताजा कार्रवाई में 3 और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब तक पकड़े गए कुल आरोपियों की संख्या 12 हो गई है। आरोपियों के खिलाफ थाना दीपका में नए कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC Act) के तहत अपराध क्रमांक 437/24: धारा 111, 303(2) BNS एवं 3, 7 E C एक्ट और अपराध क्रमांक 114/26: धारा 111, 329(2), 303(2), 338, 336(3), 340, 3(5) BNS कड़े मामले दर्ज हैं।
सभी आरोपी भेजे गए जेल, अन्य फरार साथियों की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दीपका पुलिस ने साफ किया है कि खदान क्षेत्रों में डीजल चोरी करने वाले इस पूरे सिंडिकेट को नेस्तनाबूद किया जाएगा और इस मामले में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। गिरोह के कुछ अन्य फरार आरोपियों की भी सरगर्मी से तलाश की जा रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 43 दिन की छुट्टी मंजूर कराने मांगी रिश्वत, ₹3 हजार की घूस लेते पकड़ा गया बाबू