मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है।
मंदसौर: मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। सुवासरा थाना क्षेत्र के ग्राम खेजड़िया भूप में घर के अंदर नकली दूध और घी बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। सूचना मिलने पर सुवासरा पुलिस ने फैक्ट्री पर छापेमार कार्रवाई करते हुए मिलावट के इस कारोबार का खुलासा किया है।
85 कट्टे मिल्क पाउडर समेत सामान जब्त
पुलिस ने मौके से 85 कट्टे मिल्क पाउडर, भारी मात्रा में पाम ऑयल, यूरिया, तैयार नकली घी और मिलावट में इस्तेमाल होने वाली मशीनें जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। अब पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
सूचना पर पुलिस ने घर में दी दबिश
दरअसल, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा को ग्राम खेजड़िया भूप में नकली दूध और घी बनाने की फैक्ट्री संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सुवासरा थाना पुलिस ने आरोपियों के घर पर दबिश दी। पुलिस की तलाशी में घर के अंदर नकली दूध और घी तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण बरामद हुए।
मिल्क पाउडर, पाम ऑयल और यूरिया बरामद
पुलिस ने मौके से 85 कट्टे मिल्क पाउडर जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि इसका इस्तेमाल नकली दूध तैयार करने और दूध में फैट बढ़ाने के लिए किया जाता था। इसके अलावा 15 लीटर क्षमता वाले पाम ऑयल के 7 टीन, 120 खाली टीन के डिब्बे और 200 लीटर क्षमता वाले 4 खाली ड्रम भी जब्त किए गए हैं। वहीं, 6 कट्टे यूरिया, 2 फिल्टर मिक्सर इलेक्ट्रॉनिक मशीन, 2 गैस भट्टी, इंडेन कंपनी के 2 गैस सिलेंडर, 2 स्टील की कोठी, पाम ऑयल की जरीकेन, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और मोटर पंप भी पुलिस ने बरामद किए हैं। मौके से तैयार नकली घी भी जब्त किया गया है।
दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश जारी
इस मामले में पुलिस ने ग्राम खेजड़िया भूप निवासी पीरूसिंह और रामसिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 272, 274 और 275 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। दोनों आरोपी कार्रवाई के दौरान फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली दूध और घी का कारोबार कब से संचालित हो रहा था।
ये भी पढ़ें: शाजापुर जिला अस्पताल में 5 साल के मासूम की मौत, पिता ने लगाए लापरवाही के आरोप; बोले- समय पर नहीं मिली एंबुलेंस