बहराइच के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय के पास झाड़ियों में एक 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
बहराइच {उत्तर प्रदेश}: बहराइच जनपद में रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रंजीतबोझा गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब प्राथमिक विद्यालय जाने वाले रास्ते के किनारे धनीराम के बाग की झाड़ियों में एक 22 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नेपाल में कबाड़ का काम करता था युवक
मृतक की पहचान रंजीतबोझा निवासी तसव्वर उर्फ शब्बीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शब्बीर कबाड़ का काम करता था और नेपाल जाकर कबाड़ खरीदने-बेचने का कार्य करता था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार को वह काम के सिलसिले में घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार सुबह उसका शव झाड़ियों में पड़े होने की सूचना मिली।
परिजनों ने जताई मौत पर आशंका
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई रज्जब अली ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। मृतक के परिवार में दो बेटियां हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: घर के बरामदे में बैठी महिला को बाइक सवार अपराधियों ने मारी गोली, इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में हुई मौत