औरंगाबाद के मदनपुर में 25 वर्षीय युवक की घर में घुसकर पिटाई के बाद मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
औरंगाबाद (बिहार)। बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र से मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। मछली मार्केट के समीप एक 25 वर्षीय युवक की घर में घुसाकर पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप और आक्रोश का माहौल है।
ज्वेलर्स के घर में गंभीर हालत में मिला 25 वर्षीय युवक
मृतक की पहचान मदनपुर कचहरी रोड निवासी जीतेन्द्र गुप्ता के पुत्र विकास कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 10 बजे विकास कुमार को मदनपुर मछली मार्केट स्थित सोनी अलंकार ज्वेलर्स के मालिक के घर के अंदर से गंभीर रूप से घायल अवस्था में बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने उसे घर में घुसाकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा था।
अस्पताल पहुंचने से पहले युवक ने तोड़ा दम
सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अधमरे हालत में पड़े विकास को कब्जे में लेकर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और स्थानीय लोगों में आरोपियों के खिलाफ भारी गुस्सा देखा गया।
हत्या के मामले में चार मुख्य आरोपियों से पूछताछ
घटना की गंभीरता को देखते हुए मदनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मौके से ही चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी स्थानीय ज्वेलर्स दुकानदार बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रवि ज्वेलर्स के मालिक इंजीनियर प्रिंस कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार वर्मा, सोनी अलंकार ज्वेलर्स के मालिक निखिल कुमार वर्मा उर्फ दिलीप वर्मा और दिलीप वर्मा शामिल हैं। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
आपसी रंजिश के एंगल से पुलिस कर रही जांच
आखिर इस हत्या के पीछे क्या वजह है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की गहन छानबीन कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें: पताही-शिवहर मुख्य मार्ग सालों से जर्जर, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विधायक के 'लापता' पोस्टर को पहनाई माला