औरंगाबाद में चलाए गए विशेष अभियान के तहत रविवार रात विभिन्न मामलों में 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया ।
औरंगाबाद (बिहार)। अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देशानुसार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में रविवार की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के फलस्वरूप 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 21 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
विभिन्न मामलों में 45 लोग गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, दुष्कर्म मामले में एक, आर्म्स एक्ट में तीन, हत्या के प्रयास में 10, मद्य निषेध अधिनियम के तहत 11 तथा अन्य मामलों में 20 लोगों की गिरफ्तारी की गई। 185 लीटर देसी शराब, सात लीटर स्प्रिट, दो देसी कट्टा, आठ कारतूस, नकद 52235 रूपये, एक लैपटॉप, तीन बाइक एवं दो स्कूटी बरामद किया गया है। वाहन जांच अभियान के तहत 1463 वाहनों की जांच की गई जिसमें 48500 रूपये शमन की राशि वसूल की गई। इसके अलावा 9000 लीटर महुआ घोल विनिष्ट किया गया है।
अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ताकि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी के पास भी नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना हो तो पुलिस से साझा करें सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
यह भी पढ़ेंः शुजालपुर में गणेश विसर्जन के दौरान तेज डीजे की कंपन से ढही मकान की छत, सिविल अस्पताल के पास हुआ हादसा