मुंगेर (बिहार): जिले में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया है, जहां एक ही परिवार की चार सगी बहनों समेत पांच लड़कियां गंगा में डूब गईं। स्थानीय गोताखोरों ने दो लड़कियों को बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बाकी तीन लड़कियों की तलाश जारी है।
गंगा स्नान के लिए गंगा घाट गई थीं लड़कियां
जानकारी के अनुसार, श्यामपुर बकचपड़ा निवासी क्रांति पासवान की चार बेटियां 18 वर्षीय संगीता कुमारी, 16 वर्षीय बिनीता कुमारी, 14 वर्षीय संध्या कुमारी और 12 वर्षीय सोनम कुमारी बुधवार सुबह करीब 8 बजे गंगा स्नान के लिए बकचपड़ा गंगा घाट गई थीं। इनके साथ चमक लाल पासवान की 19 वर्षीय बेटी हिना कुमारी भी मौजूद थी।
स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल जारी किया बचाव अभियान
स्नान के दौरान सभी लड़कियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और दो लड़कियों को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना पर मुफस्सिल थाना और वासुदेवपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। गोताखोरों की मदद से शेष तीन लड़कियों की तलाश लगातार जारी है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गंगा घाट पर भी लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ेंः नई पाइपलाइन बनी मुसीबत, मैनाताली में 25 दिनों से पानी के लिए भटक रहे लोग