बूंदी के राजकीय चिकित्सालय में बुजुर्ग का बैग चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों से 6.13 लाख रुपये नकद समेत बैग और दस्तावेज बरामद हुए।
₹6.13 lakh in cash recovered and two accused arrested in the case of an elderly man's bag theft at Bundi Hospital |
बूंदी (राजस्थान)। राजकीय चिकित्सालय में बुजुर्ग का बैग चोरी कर फरार हुए दो आरोपियों को कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 6 लाख 13 हजार 410 रुपये की नकदी बरामद की है। इसके साथ ही बुजुर्ग का बैग, पहचान संबंधी दस्तावेज, बैंक की पासबुक और अन्य सामान भी बरामद किया गया है। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
अस्पताल में पेशाब करने गए थे बुजुर्ग
जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा (IPS) ने बताया कि 16 अगस्त को राजकीय चिकित्सालय बूंदी में 65 वर्षीय किशन गोपाल निवासी रामनगर कंजर कॉलोनी का बैग चोरी हो गया था। बुजुर्ग अस्पताल के पीछे की ओर पेशाब करने के लिए गए थे और अपना झोला पास में रख दिया था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और झोला लेकर फरार हो गए।
बैग में नकदी और जरूरी दस्तावेज
चोरी हुए बैग में नकदी के अलावा राशन कार्ड, जन आधार कार्ड, आधार कार्ड, बैंक की पासबुक, चांदी का कलदार, शंख, पानी की जल डोर, बाल्टी और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। बुजुर्ग के अनुसार बैग में 500-500 रुपये की आठ गड्डियां यानी 4 लाख रुपये और करीब 40 हजार रुपये खुली नकदी सहित अन्य रकम थी। घटना के बाद उन्होंने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी बूंदी अनिल जोशी के सुपरविजन में थानाधिकारी रमेशचंद आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने अस्पताल और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही संदिग्धों और वारदात में प्रयुक्त बाइक की तलाश शुरू की गई।
बाइक नंबर से पुलिस आरोपियों तक पहुंची
पुलिस जांच में मोटरसाइकिल नंबर RJ 08 BS 0798 सामने आया। सीसीटीवी फुटेज और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 23 अगस्त को मोटरसाइकिल सहित दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ और अनुसंधान के दौरान आरोपियों ने चोरी की रकम बांटने की बात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि बैग को फुलसागर रोड पर फेंक दिया था और नकदी आपस में बांटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपी रघुवीर पुत्र सांवलराम (31), निवासी नीम का खेड़ा, थाना सदर, बूंदी और त्रिलोक पुत्र राधेश्याम (25) को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े: एक देश, एक चुनाव पर कांग्रेस और JPC में मतभेद, 2029 के दावे पर मनीष तिवारी ने उठाए सवाल