छबिलापुर थाना क्षेत्र से गायब 8 माह के मासूम को नालंदा पुलिस ने महज चार दिनों के भीतर सकुशल प्राप्त कर लिया है।
नालंदा (बिहार): जिले के छबिलापुर थाना क्षेत्र से अपहृत 8 माह के मासूम को नालंदा पुलिस ने महज चार दिनों के भीतर सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने गांव के ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
26 जून की रात करीब एक बजे गायब हुआ था बच्चा
पुलिस के अनुसार, छबिलापुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव निवासी महेश मांझी का आठ माह का पुत्र जनसुराज मांझी 26 जून की रात करीब एक बजे अपने माता-पिता के साथ घर के बाहर सो रहा था। रात में जब महेश मांझी की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि उनका बेटा बगल में नहीं है। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला,इसके बाद महेश मांझी के लिखित आवेदन पर छबिलापुर थाना में कांड संख्या 109/26 दर्ज किया गया।
दो आरोपी हुए गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कंचनपुर गांव निवासी धर्मेन्द्र कुमार (30 वर्ष), पिता रविन्द्र प्रसाद तथा मिन्टु देवी, पति अशोक कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बच्चे के अपहरण की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, धर्मेन्द्र कुमार की निशानदेही पर ही अपहरित बच्चे की बरामदगी हुई।
यह भी पढ़ेंः 20 दिन भी नहीं टिक सकी लाखों की सड़क; विकास की खुली पोल