प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

नमो घाट पर 90 जेट्स का एयर शो

नमो घाट पर 1:30 घंटे का होगा एयर शो, 90 फाइटर जेट्स दिखाएंगे करतब

काशी के घाटों पर 24-26 अक्टूबर तक एयर शो होगा। राफेल, सुखोई, तेजस और मिग समेत 90 फाइटर जेट करीब डेढ़ घंटे तक करतब दिखाएंगे।

नमो घाट पर 130 घंटे का होगा एयर शो 90 फाइटर जेट्स दिखाएंगे करतब

90 Fighter Jets to Perform at Namo Ghat |

वाराणसी: काशी के घाटों पर प्रस्तावित एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 24, 25 और 26 अक्टूबर को करीब डेढ़ घंटे तक चलने वाले इस एयर शो में राफेल, सुखोई, तेजस और मिग समेत करीब 90 फाइटर जेट के करतब दिखाने की बात कही जा रही है। विमान प्रयागराज और लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरकर काशी के आसमान में पहुंचेंगे। नमो घाट समेत विभिन्न घाटों से दर्शक इस रोमांचक प्रदर्शन को देख सकेंगे।

हर घाट पर वॉच टावर, एटीएस की तैनाती

बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रत्येक घाट पर वॉच टावर बनाए जाएंगे, जहां स्नाइपर और दूरबीन से निगरानी करने वाली फोर्स तैनात रहेगी। एटीएस कमांडो की दो टीमें छह स्थानों पर तैनात की जाएंगी। घाटों पर मेटल डिटेक्टर और बैगेज स्कैनर लगाए जाएंगे। एयर शो के दौरान नाव और क्रूज का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। जल क्षेत्र में एनडीआरएफ, जल पुलिस और एटीएस की टीमें पेट्रोलिंग करेंगी।

50 पार्किंग और हेल्प डेस्क

दर्शकों की सुविधा के लिए शहर में करीब 50 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा अस्थायी रूप से 50 पुलिस हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि घाटों पर सफाई, समतलीकरण और बैरिकेडिंग का काम चल रहा है। गंगा का जलस्तर भी लगातार कम हो रहा है और तैयारियां समय से पूरी करने का लक्ष्य है।

डोमरी से दिखेगा बेहतर नजारा

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के मुताबिक एयर शो का बेहतर दृश्य डोमरी से दिखाई देगा, इसलिए यहां विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। ट्रैफिक, फायर, स्वास्थ्य, रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ समेत संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। डीजीपी भी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

पीएम मोदी समेत वीवीआईपी रहेंगे मौजूद

25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल, सीडीएस और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के शामिल होने की संभावना है। रिटायर्ड सेना प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया है। वीआईपी दर्शक दीर्घा से कार्यक्रम देखा जाएगा। भीड़ को देखते हुए सरकारी और निजी अस्पतालों में 200 बेड आरक्षित रखे गए हैं, जबकि 38 एंबुलेंस अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहेंगी।

ये भी पढ़ें: जौनपुर में बुजुर्ग किसान की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

Related to this topic: