सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 2027 के यूपी चुनाव से पहले किसानों को मुफ्त सिंचाई, 24 घंटे में भुगतान और बड़े पैमाने पर डेयरी सुविधा देने का बड़ा वादा किया है।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में किसानों से मुलाकात के दौरान कई बड़े चुनावी वादे किए। उन्होंने ऐलान किया कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो किसानों को पूरी तरह मुफ्त सिंचाई की सुविधा दी जाएगी और उनकी उपज या बकाए का भुगतान 24 से 48 घंटों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए बड़े पैमाने पर डेयरी सुविधाओं की स्थापना की जाएगी।
मुफ्त सिंचाई और तेज भुगतान का वादा
मुलाकात के लिए पहुंचे किसानों से बातचीत करते हुए सपा प्रमुख ने मौजूदा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज खेती-किसानी बेहद महंगी हो गई है। किसानों को कृषि मशीनरी खरीदने में भारी लागत चुकानी पड़ रही है, जबकि उनकी आय उस अनुपात में नहीं बढ़ रही है।
अखिलेश यादव ने कहा, "किसान जो मशीनरी खरीद रहे हैं, वह महंगी है और खाद्य पदार्थ भी महंगे हो गए हैं।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश की आर्थिक सुदृढ़ता सीधे तौर पर देश और राज्य के किसान समुदाय की वित्तीय स्थिति से जुड़ी हुई है।
इथेनॉल और महंगाई पर सरकार को घेरा
पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि इस नीति का वास्तविक लाभ किसानों तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार इथेनॉल ब्लेंडिंग के जरिए भारी मुनाफा कमा रही है, जबकि अन्नदाता किसान आज भी आर्थिक बदहाली और कठिनाइयों का सामना करने को विवश हैं।
उन्होंने दोहराया कि भविष्य की सपा सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण बुनियादी ढांचे (रूरल इंफ्रास्ट्रक्चर) को सुदृढ़ करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाएगी। साथ ही, पिछली सपा सरकारों के दौरान शुरू की गई बिजली परियोजनाओं के अधूरा रहने पर भी राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया।
1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था पर निशाना
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "भाजपा जो कुछ भी कहती है उस पर भरोसा न करें। चंदे की चोरी से 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था नहीं बनाई जा सकती। भाजपा का विकास मॉडल भ्रष्टाचार पर आधारित है।" यह बयान ऐसे समय में आया है जब राज्य में सुशासन, आर्थिक विकास और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक बयानबाजी जारी है।
बीजेपी विधायकों के संपर्क पर बोले अखिलेश
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा विधायकों के संपर्क में होने की चर्चाओं के बारे में पूछे जाने पर सपा प्रमुख ने स्पष्ट किया, "कई विधायक संपर्क में हैं, लेकिन हम उन्हें कैसे समायोजित करें? हम सिर्फ वादे करके उन्हें तोड़ना नहीं चाहते।"
गौरतलब है कि साल 2027 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए सभी राजनीतिक दल लगातार जनसंपर्क अभियानों में जुटे हैं। किसानों की आय, कृषि इनपुट लागत, मुफ्त सिंचाई, सुचारू बिजली आपूर्ति और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दे इस चुनाव के केंद्र में बने हुए हैं।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: SIR पर चुनाव आयोग का बड़ा फैसला: अब घोषणा पत्र की अनिवार्यता खत्म, INDIA ब्लॉक की बैठक में भी उठा मुद्दा