अंबेडकरनगर के अमोला बुजुर्ग गांव के पास तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर से रोडवेज संविदा चालक देवेंद्र कुमार मिश्रा की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार है और पुलिस जांच में जुटी है।
अंबेडकरनगर (उत्तर प्रदेश)। कटका थाना क्षेत्र के अमोला बुजुर्ग गांव के पास बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज के संविदा चालक की जान चली गई। गांव को जोड़ने वाली लिंक रोड पर टहल रहे 48 वर्षीय देवेंद्र कुमार मिश्रा को तेज रफ्तार अज्ञात ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें लेकर सीएचसी भियांव पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
आजमगढ़ से दिल्ली तक बस चलाते थे देवेंद्र
जानकारी के मुताबिक, अमोला बुजुर्ग निवासी स्वर्गीय उदयराज मिश्रा के पुत्र देवेंद्र कुमार मिश्रा रोडवेज में संविदा चालक के पद पर कार्यरत थे। वह आजमगढ़ से दिल्ली के आनंद विहार तक बस चलाते थे। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर घर आए थे। बुधवार देर शाम वह गोविंद साहब मोड़ के पास स्थित लिंक रोड पर टहल रहे थे। इसी दौरान सामने से आए सफेद रंग के तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आ गई।
संविदा चालक की मौत से दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल सीएचसी भियांव पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। देवेंद्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके दो बेटे हैं। बड़े बेटे निखिल मिश्रा की उम्र 21 वर्ष, जबकि छोटे बेटे की उम्र 18 वर्ष बताई गई है। पिता की असमय मौत से दोनों बेटों के सिर से सहारा छिन गया।
ई-रिक्शा चालक की तलाश में पुलिस
घटना की सूचना पर कटका थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करने के साथ ही अज्ञात चालक की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें: ध्रुव राठी मानहानि मामले में दिल्ली कोर्ट का आदेश, वर्षों बाद नए सिरे से जारी होगा समन