अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सीमा पार से संचालित ड्रग्स और अवैध हथियारों के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 15 किलो अफीम और अमेरिकी राइफल बरामद हुई।
अमृतसर (पंजाब)। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सीमा पार से संचालित ड्रग तस्करी और अवैध हथियारों के बड़े नेटवर्क का शनिवार को भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 15 किलो अफीम और अमेरिका में बनी अत्याधुनिक M16 असॉल्ट राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। यह कार्रवाई क्षेत्र में आपराधिक सिंडिकेट्स पर नकेल कसने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
सीमा पार नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
यह लक्षित ऑपरेशन सीमा पार से चल रही ड्रग्स की तस्करी और हथियारों की अवैध सप्लाई में संलिप्त नेटवर्क्स के खिलाफ चलाया गया था। इस व्यापक अभियान के तहत पुलिस ने 15 किलोग्राम अफीम, एक अमेरिकी निर्मित M16 असॉल्ट राइफल, 9 आधुनिक पिस्तौल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए, जिसके बाद चार आरोपियों को धर दबोचा गया।
खुफिया इनपुट के आधार पर हुई कार्रवाई
अमृतसर बॉर्डर रेंज के इंस्पेक्टर जनरल (IG) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया को जानकारी दी कि, "यह पूरी कार्रवाई सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) कंवलप्रीत सिंह चहल के नेतृत्व में पुख्ता खुफिया इनपुट के आधार पर अंजाम दी गई है।" पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपियों की जमीन भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के बेहद करीब स्थित है, जिसका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा था।
आरोपियों की पहचान और बरामदगी
पुलिस कार्रवाई के दौरान जिन दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी का विशेष खुलासा हुआ, उनमें मलकीत सिंह और गुरजीत सिंह शामिल हैं। उनके कब्जे से 15 अलग-अलग पैकेटों में पैक की गई 15 किलो अफीम और M16 असॉल्ट राइफल बरामद की गई। पुलिस अब उनके तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े कनेक्शनों और सिंडिकेट के स्लीपर सेल का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री के अभियान का हिस्सा
IG भुल्लर ने इस सफलता पर जोर देते हुए कहा कि, "पुलिस को यह बड़ी कामयाबी पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा ड्रग्स और गैंगस्टर्स के खिलाफ चलाए जा रहे निर्णायक अभियान के तहत मिली है।" उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि इस सीमावर्ती क्षेत्र में अमूमन हेरोइन तस्करी के मामले सामने आते हैं, लेकिन इस विशेष कार्रवाई में भारी मात्रा में अफीम की खेप का जब्त होना एक नया और गंभीर ट्रेंड दिखाता है।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: पंजाब सीएम के OSD पर सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, भ्रष्टाचार के आरोपों में FIR दर्ज