औरंगाबाद के ओबरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 8 वर्षीय मनीष कुमार की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
औरंगाबाद,(बिहार)। गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन लोगों को रौंद दिया जिसमें एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना ओबरा थाना क्षेत्र के देवकली मोड़ के पास की है। मृतक की पहचान मनीष कुमार (8) के रूप में हुई है। घायलों में रोहित कुमार (10) और रामेश्वर साव शामिल हैं।
तेज रफ्तार कार ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, देवकली बिगहा निवासी रामेश्वर साव सब्जी बेचकर घर लौट रहे थे। रोहित और मनीष बाजार से किताब खरीदकर अपने गांव वापस जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ किया जाम
प्राथमिक उपचार के बाद मनीष कुमार को सदर अस्पताल से मगध मेडिकल कॉलेज गयाजी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार की सुबह मनीष कुमार की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने देवकली मोड़ पर औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ जाम कर दिया जिसमें यातायात प्रभावित हो गया।
लोगों को समझाकर किया मामला शांत
सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और पटना आने-जाने वाले यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है, जबकि फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि आरोपी चालक की पहचान की जा रही है। किशोर के शव का पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
यह भी पढ़ेंः सहारनपुर में दर्दनाक हादसा: यमुना किनारे निरीक्षण के दौरान कार नदी में गिरी, दो ठेकेदारों की मौत