बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र में 23 वर्षीय गीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
बरेली (उत्तर प्रदेश)। भोजीपुरा क्षेत्र के ग्राम खितौसा में गुरुवार को एक 23 वर्षीय विवाहिता ने अपने घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान गीता के रूप में हुई है, जिसकी शादी वर्ष 2023 में खितौसा निवासी जसवंत के साथ हुई थी। मृतका का मायका पास के ही गांव कोडमपुर में स्थित है। घटना के बाद से 8 माह की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया है।
खेत से लौटे परिजनों ने देखा शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन दिनों खेतों में धान की कटाई का काम चल रहा है। घटना के समय मृतका के ससुराल वाले खेतों में धान काटने गए हुए थे। जब परिजन काम निपटाकर घर वापस लौटे, तो उन्होंने गीता को फंदे पर लटका हुआ पाया। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
मायके वालों ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप
डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलते ही भोजीपुरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव को फंदे से उतारकर घर के बरामदे में रख दिया था। घटना की खबर मिलते ही मृतका के मायके वाले भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची मृतका की बहन ने ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या करार दिया है। बहन का कहना है कि गीता अक्सर फोन पर बातचीत के दौरान बताती थी कि उसके ससुराल वाले उसे आए दिन प्रताड़ित और तंग किया करते थे।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा के. बी. सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक जांच, मायके पक्ष के आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक व कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में जमीन विवाद में चाचा ने भतीजे की गोली मारकर की हत्या, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस