पूर्व एसईसी राजीव सिन्हा का दावा: 2023 बंगाल पंचायत चुनाव के दौरान कोलकाता से सीधे थानों तक आदेश पहुंचते थे और शीर्ष नौकरशाह भी पूरी तरह लाचार थे।
कोलकाता: निर्वाचन अधिकारियों के कामकाज को लेकर चल रहे विवाद के बीच पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त (एसईसी) राजीव सिन्हा ने आरोप लगाया है कि 2023 के पंचायत चुनावों के दौरान जिले के अधिकारियों को दरकिनार करते हुए 'कोलकाता' से सीधे पुलिस थानों तक आदेश पहुंच रहे थे और शीर्ष नौकरशाह भी लाचार थे।
2023 पंचायत चुनाव का अनुभव साझा किया
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के शासनकाल में हिंसा से प्रभावित रहे पंचायत चुनावों के दौरान शिकायतों से निपटने के अपने अनुभव को याद करते हुए, 2023 के इन ग्रामीण चुनावों की निगरानी करने वाले सिन्हा ने बांग्ला समाचार चैनल ‘न्यूज 18 बांग्ला’ को दिए साक्षात्कार में यह आरोप लगाए। राज्य निर्वाचन आयोग का प्रमुख बनने से पहले सिन्हा पश्चिम बंगाल सरकार में मुख्य सचिव सहित कई वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं।
डीएम और एसपी के बीच फंसे होने का दावा
सिन्हा के अनुसार, जब भी वह पंचायत चुनाव के दौरान किसी शिकायत पर कार्रवाई चाहते थे, तो वह अक्सर जिलाधिकारियों (डीएम) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के बीच खुद को फंसा हुआ पाते थे। एक समय पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद नौकरशाहों में से एक माने जाने वाले सिन्हा ने कहा, 'अगर मुझे कोई शिकायत मिलती और मैं जिलाधिकारी को फोन करता, तो वह कहते कि एसपी बात नहीं सुन रहे हैं। जब मैं एसपी को फोन करता, तो वह कहते, 'सर, कोलकाता से सीधे पुलिस थाने को आदेश आ रहे हैं'।'
‘सर, आप तो समझते ही हैं’
जब पूर्व राज्य चुनाव आयुक्त ने पूछा गया कि ये निर्देश कौन जारी कर रहा था, तो जवाब मिला: 'सर, आप तो समझते ही हैं।' हालांकि, सिन्हा ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वे कथित निर्देश क्या थे या कौन सा व्यक्ति, कार्यालय या प्राधिकरण उन्हें जारी कर रहा था।
प्रशासनिक व्यवस्था को दरकिनार करने का आरोप
उनका मुख्य आरोप यह था कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था को पूरी तरह से दरकिनार कर दिया गया था। पूर्व नौकरशाह ने यह दावा भी किया कि राज्य के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी महत्वपूर्ण और प्रभावशाली पदों पर होने के बावजूद खुद बेहद असहाय स्थिति में थे।
‘मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजी के हाथ बंधे थे’
सिन्हा ने कहा, 'मुख्य सचिव, गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजी) के हाथ बंधे हुए थे।' उन्होंने कहा कि हालांकि वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नियमित बातचीत होती थी, लेकिन 'उनके पास सभी शक्तियां थीं, पर वे उनका इस्तेमाल नहीं कर सकते थे।'
ये भी पढ़ें: दुकान बंद कराने को लेकर दुकानदार से मारपीट, पांच पुलिसकर्मी निलंबित