बैतूल में पेट दर्द और किडनी की बीमारी से जूझ रही 32 वर्षीय महिला की जहरीला पदार्थ सेवन के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बैतूल (मध्यप्रदेश)। बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के ग्राम सिपलाई की रहने वाली 32 वर्षीय महिला की जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला लंबे समय से पेट दर्द और किडनी में सूजन की बीमारी से परेशान थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पेट दर्द बढ़ने के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में कराया गया भर्ती
जानकारी के मुताबिक ममता यादव उम्र 32 वर्ष पत्नी संतलाल यादव, मूल रूप से ग्राम सिपलाई की निवासी थीं और वर्तमान में हमलापुर में परिवार के साथ रह रही थीं। रविवार को उन्हें पेट में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उन्होंने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोली लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच महिला ने दम तोड़ दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
चार वर्षों से पेट दर्द और किडनी की बीमारी से थी परेशान
मृतका के पति संतलाल यादव ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले करीब चार वर्षों से पेट दर्द और किडनी में सूजन की समस्या से जूझ रही थीं। उनका इलाज बैतूल और नागपुर में भी कराया गया था, लेकिन पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत अधिक खराब रहने लगी थी। बीमारी के कारण उन्होंने करीब छह महीने पहले मजदूरी करना भी छोड़ दिया था। परिवार में पति-पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे हैं और संतलाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। महिला ने बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाया या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
यह भी पढ़ेंः मोतिहारी में हाई कोर्ट के आदेश पर चला बुलडोजर, तुरकौलिया चौक से हटा 50 साल पुराना कब्जा